बाल उमंग दृश्य संस्था (एनजीओ) ने “स्वच्छ भारत” अभियान की थीम पर जागरूकता-आधारित नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया

देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को आज़ाद कॉलोनी क्षेत्र में बाल उमंग दृश्य संस्था (एनजीओ) द्वारा गेल गैस लिमिटेड के सहयोग से संचालित परियोजना के अंतर्गत “स्वच्छ भारत” अभियान की थीम पर एक जागरूकता-आधारित नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के महत्व, साफ-सफाई अपनाने, प्लास्टिक के कम उपयोग, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करना था।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े उदाहरण प्रस्तुत कर यह दर्शाया कि गंदगी किस प्रकार बीमारियों को जन्म देती है और स्वच्छता अपनाने से समाज स्वस्थ व सुरक्षित बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वच्छ भारत मिशन को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। स्थानीय निवासियों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नुक्कड़ नाटक में नूपुर सिंह, सोमेश कुमार, आशा मिश्रा, गुंजन गुप्ता, जल कौर, सिमरन अंसारी, सोनी, सिमरन चावला, रंजीता, शिवम कुमार और शिवानी शामिल रहीं।



