जगूड़ी ने पीसीएस अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की पुस्तक “गौहन्ना डॉट कॉम” का किया विमोचन

देहरादून। शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार पद्मश्री लीलाधर जगूड़ी ने पीसीएस अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की पुस्तक “गौहन्ना डॉट कॉम” का विमोचन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “लोकजीवन के बिना साहित्य अधूरा है” और लेखक की सृजनात्मकता की सराहना की। समारोह में वक्ताओं ने इस कृति को हिंदी साहित्य में एक नई राह बताने वाला ग्रंथ बताया। प्रो. डॉ. सुधा रानी पांडे ने इसे संस्मरण साहित्य की प्राचीन परंपरा का अभिनव प्रयोग कहा। असीम शुक्ल ने तुलसी की रामचरित मानस से जोड़ते हुए इसे “हृदय से निकला उद्गार” कहा। संयुक्त निदेशक सूचना विभाग डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि पुस्तक पढ़ते समय ऐसा प्रतीत होता है मानो लेखक पाठक को अपने बचपन में ले जा रहे हों। अमित श्रीवास्तव ने बदलते समय में नव साहित्य के महत्व को रेखांकित किया। हरिद्वार से आए वरिष्ठ साहित्यकार रमन जी ने कृति को अद्वितीय बताते हुए अपना काव्यपाठ किया। बीएचयू के डॉ. देवी प्रसाद तिवारी ने इसे हिंदी साहित्य की नई विधा का ग्रंथ करार दिया। प्रो. डॉ. राम विनय ने संचालन करते हुए पुस्तक को अवध और मिथिला की संस्कृति का संवाद बताया। प्रो. डॉ. अरविन्द नारायण मिश्र ने अंत में लेखक को निरंतर नए सृजन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में जितेन ठाकुर, श्रीकांत श्री, अम्बर खरबंदा, सतीश बंसल, सुमन पांडे, ऊषा झा, कुलदीप गैरोला, अनुपम द्विवेदी, रणधीर अरोड़ा, केके पांडे, विजय सिंह, तुषार गुप्ता, डॉ. शिव कुमार बरनवाल, अशोक पांडे, दीपक रौतेला सहित अनेक साहित्यकार, कवि एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।



