मासिक आध्यात्मिक कार्यक्रम द्वारा वर्तमान समय में ब्रह्मज्ञान की अनिवार्यता को दर्शाया गया

देहरादून। दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान (डीजेजेएस) द्वारा नई दिल्ली स्थित दिव्य धाम आश्रम की पावन भूमि पर मासिक आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ दिव्य ज्ञान और ध्यानमय तरंगें स्पंदित हो उठीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य गुरु आशुतोष महाराज के ब्रह्मज्ञानी वेद पाठियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ।
दिव्य गुरु आशुतोष महाराज के प्रचारक शिष्यों ने आए हुए भक्त श्रद्धालुओं के समक्ष ब्रह्मज्ञान की ध्यान साधना की महिमा एवं अनिवार्यता को रखा। मार्मिक प्रवचनों के साथ हृदयस्पर्शी भजन भी प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने श्रोताओं के अंतर्मन को झंकृत कर दिया।
सत्संग प्रवचनों में बताया गया कि कैसे भौतिक उपलब्धियों के उपरांत भी असफलता का भय और अंतहीन अंतर्द्वंद मानव जीवन को घेर लेता है। बाहर से बहुत कुछ पा लेने पर भी भीतर एक खालीपन निरंतर महसूस होता है। इस आंतरिक रिक्तता को न तो धन से भरा जा सकता है, न ही संबंधों से; इसे केवल भीतर विद्यमान परम तत्व के अनुभव से ही संतुष्ट किया जा सकता है। प्रचारक शिष्यों ने इस बात को भी समझाया कि जब हम पूर्ण गुरु द्वारा दिखाए गए दिव्य प्रकाश का ध्यान करते हैं, तब धीरे-धीरे मन की चंचलता शांत होती चली जाती है। जैसे-जैसे हम अंतर्मुखी होते हैं, नकारात्मक विचार खत्म होने लगते हैं, और उनके स्थान पर सकारात्मकता आती चली जाती है। सत्संग प्रवचनों में इस बात पर भी ज़ोर दिया गया कि नियमित साधना, प्रार्थना, एवं गुरु की कृपा मन को शुद्ध करती है, संकल्प शक्ति को दृढ़ बनाती है और हर चुनौती का सामना अडिग विश्वास के साथ करने का सामर्थ्य प्रदान करती है।