उत्तराखण्डराज्य

परमात्मा में विश्वास

-संत राजिन्दर सिंह जी महाराज
जब भी हम परमात्मा से कुछ भी पाने के लिए प्रार्थना करते हैं तो वह हमें मिल जाती है लेकिन कई बार ऐसा भी होता है, जब हमें बिना मांगे ही सहायता मिल जाती है तो उस समय हमें यह विश्वास हो जाता है कि परमात्मा है और हमारी देखभाल कर रहे हैं। यही वह समय होता है, जो हमें यह याद दिलाता है कि इस दुनिया में हम अकेले नहीं हैं। उस समय हम महसूस करते हैं कि परमात्मा हमेशा हमारे साथ हैं, हमें देख रहे हैं और हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं।
सभी पूर्ण संत-महात्माओं ने अपनी वाणियों में कहा है कि हमें पिता-परमेश्वर में इतना भरोसा या विश्वास होना चाहिए कि हम यह जानें कि परमात्मा को मालूम है कि हम कब मुसीबत में हैं और हमें कब मदद चाहिए? जिस तरह माता-पिता अपने सोए हुए बच्चे की सुरक्षा के लिए पहरा देते हैं, ठीक उसी तरह परमात्मा भी हम सबकी संभाल करते हैं।
जीवन के पथ पर जैसे-जैसे हम आगे बढ़ते हैं, कभी-कभी हम निराश और अकेला महसूस करते हैं। तब हमें याद करना चाहिए कि परमात्मा हमेशा हमारे साथ हैं लेकिन कुछ पिछले कर्मों की वजह से हमें ऐसी दुःखद परिस्थितियों में से गुज़रना पड़ रहा है। अगर हम अपने जीवन पर नज़र डालें तो हम देखेंगे कि समय कभी एक जैसा नहीं रहता। कभी सुख के क्षण तो कभी दुःख का समय आता रहता है। दुःख के समय में हमें यह याद रखना चाहिए कि यह समय भी बीत जाएगा।
जीवन के उतार-चढ़ाव में परमात्मा की बांहें हमेशा हमें घेरे रहती हैं और हमारी मदद करती हैं। हमें उस अदृश्य मौजूदगी के लिए परमात्मा का शुक्रगुज़ार होना चाहिए, जो हमारी संभाल और मार्गदर्शन कर रही हैं। अगली बार जब हम असहाय और अकेला महसूस करें तो उस समय हमें याद रखना चाहिए कि परमात्मा की प्यार और सुरक्षा भरी बाहें हमें चारों ओर घेरे हुए हैं।
परमात्मा की इस अदृश्य सहायता और मार्गदर्शन का हम ध्यान-अभ्यास में बैठकर अनुभव कर सकते हैं। जैसे-जैसे हम अपने अंतर में जाएंगे, वैसे-वैसे हम परमात्मा के प्रेम का अनुभव करेंगे और हमें यह विश्वास हो जाएगा कि परमात्मा हर पल हमारे साथ हैं। जिससे कि हम अपने जीवन की चुनौतियों का सामना निडर होकर कर पाएंगे।
तो आईये, हम ध्यान-अभ्यास में रोज़ाना समय देते हुए खुद को परमात्मा के प्रति सुपुर्द कर दें, यह विश्वास करते हुए कि परमात्मा की सुरक्षा हमारे चारों ओर है तथा हमारे जीवन में जो कुछ भी हो रहा है वह हमारे लिए अच्छे से अच्छा है।

Related Articles

Back to top button