उत्तराखण्डराज्य

गंभीर हालत में मिली गाय की दून एनिमल वेलफेयर की गौशाला में सफलतापूर्वक की गई जटिल लेज़र सर्जरी

देहरादून। दून एनिमल वेलफेयर की गौशाला में आज एक गंभीर हालत में मिली गाय की जटिल लेज़र सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह गाय कई महीनों से यूटेरिन प्रोलैप्स की पीड़ा झेल रही थी, जिसमें उसकी बच्चेदानी पूरी तरह बाहर निकलकर जमीन तक लटक रही थी और कठोर हो चुकी थी। अत्यधिक प्रसव तनाव, कैल्शियम की भारी कमी और लंबे समय तक बिना इलाज के रहने से स्थिति बेहद भयावह बन गई थी। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एस.के. जोशी के मार्गदर्शन में पशुपालन विभाग के डॉक्टर साजिद अली (प्रेमनगर) और डॉक्टर इमरान अली (बालावाला) तुरंत गौशाला पहुंचे और दोनों ने मिलकर अत्यंत जटिल लेज़र सर्जरी को अंजाम दिया। कमजोर हालत, खून बहने और इंफेक्शन के गंभीर खतरे के बावजूद डॉक्टरों ने अपनी विशेषज्ञता और समर्पण से न सिर्फ सर्जरी सफल की, बल्कि गाय को नई जिंदगी दे दी। ऑपरेशन के बाद गाय सुरक्षित है, होश में है और रिकवरी की ओर बढ़ रही है। पिछले एक साल में पशुपालन विभाग की मदद से दून एनिमल वेलफेयर गौशाला में 56 सफल सर्जरी की जा चुकी हैं, जिससे यह गौशाला अब गायों का एक उन्नत चिकित्सालय बन चुकी है।

Related Articles

Back to top button