फाइव-डे वीक के लिए बैंक अफसरों का प्रदर्शन

देहरादून। बैंकिंग सेक्टर में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस से जुड़े कई संगठनों ने मंगलवार को एस्लेहॉल में प्रदर्शन किया। फोरम ने स्पष्ट किया कि फाइव डे बैंकिंग की मांग जल्द पूरी न की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में ऑल इंडिया बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन, नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक यूनियंस, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एशोसिएशन, बैंक इंप्लाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया, इंडियन नेशनल बैंक इंप्लाइज फेडरेशन, इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस, नेशनल ऑर्ग नाइजेशन ऑफ बैंक वर्कर्स और नेशनल ऑर्गनाइजेशन ऑफ बैंक ऑफिसर्स आदि फोरम में शामिल नौ यूनियनों से जुड़े बैंककर्मी व अधिकारी शामिल हुए।
नेताओं ने कहा, आरबीआई और बीमा कंपनियों आदि सहित पूरे वित्तीय क्षेत्र प्रति सप्ताह पांच दिन काम कर रहे हैं। सरकारी कार्यालयों में भी पांच दिन काम होता है, इसलिए बैंकों में भी प्रति सप्ताह 5 दिन काम की मांग की जा रही है। भारतीय बैंक संघ सहमत हो गया है और एक वर्ष पहले सरकार को सिफारिश की, लेकिन अभी भी सरकार के पास लंबित है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि चरणबद्ध आंदोलन के
अगले चरण में 30 दिसम्बर को शहरों व जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया जाएगा। पांच जनवरी को राज्यों की राजधानियों में धरना दिया जाएगा। इसके बाद जनवरी के तीसरे सप्ताह में हड़ताल की जाएगी। इस मौके पर फोरम के संयोजक इंद्र सिंह रावत, एआई-बीओसी के राज्य सचिव हेमंत मल्होत्रा, उपाध्यक्ष एनएस राणा, सीके जोशी, अनिल जैन, राजन पुंडीर, अनिल बिष्ट, भूपिंदर रावत, विनय शर्मा, गरिमा शर्मा, आकांक्षा गौड़ और एसएस रजवार आदि शामिल रहे।


