युद्ध के बीच गैस की किल्लत, बाजार में मुस्कुराया कोयला

गैस की कमी के चलते कोयले की मांग में उछाल
होटल-ढाबों और पीजी संचालकों ने बढ़ाई खरीदारी
देहरादून: अंतरराष्ट्रीय हालात और गैस आपूर्ति में आई दिक्कतों के बीच देहरादून में रसोई गैस की किल्लत का असर अब बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। गैस सिलेंडरों की कमी की चर्चा के बीच शहर में कोयले की मांग अचानक बढ़ गई है। आमतौर पर मार्च के महीने में कोयले की बिक्री कम हो जाती थी, लेकिन इस बार हालात उलट नजर आ रहे हैं। कोयला कारोबारियों के अनुसार गैस की किल्लत के बाद शहर में कोयले की मांग करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गई है।
सबसे ज्यादा खरीदारी होटल-ढाबा संचालक और पीजी चलाने वाले लोग कर रहे हैं, जो गैस की अनिश्चितता के बीच वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कोयले का सहारा ले रहे हैं।
सहारनपुर चौक के पास कोयला बेचने वाले एक व्यापारी ने बताया कि सामान्य दिनों में इस समय कोयले की बिक्री काफी कम हो जाती थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से अचानक ग्राहकों की संख्या बढ़ गई है। पहले जहां रोजाना सीमित ग्राहक आते थे, वहीं अब होटल-ढाबों के संचालक बड़ी मात्रा में कोयला खरीदने पहुंच रहे हैं। गैस आपूर्ति की स्थिति जल्द सामान्य नहीं होती तो आने वाले दिनों में कोयले की मांग और बढ़ सकती है। फिलहाल गैस संकट की चर्चा के बीच शहर के कोयला बाजार में रौनक लौट आई है।


