कार खाई में गिरी दो की मौत, दो गम्भीर घायल

नैनीताल। सड़क दुर्घटना में आज सुबह एक कार के खाई के खाई में गिर जाने से जहंा दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी वहीं दो लोग गम्भीर रूप से घायल हुए है। सूचना मिलने पर पुलिस व एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और मृतकों व घायलों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जहंा उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार आज सुबह तल्लीताल पुलिस को सूचना मिली कि तल्लीताल क्षेत्र के गठिया के समीप एक वाहन खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस टीम, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल राहत एवं बचाव कार्य हेतु मौके पर पहुँचीं। जहंा देखा कि वहंा यूपी नम्बर की एक कार अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से लगभग 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी थी। पुलिस और रेस्क्यू टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर खाई में फंसे व्यक्तियों को बाहर निकाला। वाहन में कुल 4 व्यक्ति सवार थे, जो उन्नाव (उत्तर प्रदेश) से जागेश्वर धाम के दर्शन हेतु जा रहे थे। रेस्क्यू के दौरान दो व्यक्ति घायल अवस्था में मिले, जबकि दो अन्य व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी उपचार हेतु भिजवाया गया। जिनके नाम अतुल दुबे पुत्र सुनील कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, भाग—2, उन्नाव व श्याम पुत्र राम सुमेर (उम्र 30 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, भाग—2, उन्नाव बताये जा रहे है। जबकि मृतकों में अभिराज पुत्र अशोक कुमार (उम्र 26 वर्ष), निवासी पीतांबर नगर, भाग—2, उन्नाव व अंकित चौधरी पुत्र धर्मेंद्र कुमार (उम्र 25 वर्ष), निवासी 111, पीतांबर नगर—2, उन्नाव शामिल है। पुलिस द्वारा मृतक एवं घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस का विशेष योगदान रहा।




