देश

ट्रक और बस की टक्कर लगने से बस में लगी आग, 13 लोगों की मौत, 20 घायल

आंध्र प्रदेश। आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम के पास गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी ट्रैवल बस में आग लगने से कम से कम 13 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 20 यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5ः45 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक निजी ट्रेवल्स बस तेलंगाना के जगित्याल/निर्मल से आंध्र प्रदेश के कालिगिरी/नेल्लोर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रेयावरम के पास तेज रफ्तार टिपर लॉरी/ट्रक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई, जिससे कई यात्री अंदर ही फंस गए और जलकर उनकी मौत हो गई। सभी घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मौके पर वरिष्ठ पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंच गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर स्थिति की समीक्षा की और घायलों को बेस्ट चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि घायल यात्रियों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में चल रहा है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री ने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है और हादसे के कारणों की गहन जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने भी हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों का जलकर मारे जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए जा चुके हैं और सरकार मृतकों के परिजनों के साथ हरसंभव सहायता करेगी। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Related Articles

Back to top button