उत्तराखण्डराज्य

काण्डीखाल के डबरी के पास बस हादसा, चालक-परिचालक समेत कई घायल, बड़ा हादसा टला

श्रीनगर/टिहरी। उत्तरकाशी से ऋषिकेश जा रही एक यात्री बस काण्डीखाल क्षेत्र के डबरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। हादसे में बस चालक, परिचालक समेत कई यात्री घायल हो गए। गनीमत रही कि बस नीचे गिरते समय एक पेड़ पर अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चौकी प्रभारी काण्डीखाल राजेन्द्र सिंह के अनुसार घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3:40 बजे की है। बस संख्या UK14 PA 9953 उत्तरकाशी से ऋषिकेश की ओर जा रही थी। जैसे ही बस ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-34) पर काण्डीखाल के डबरी के पास पहुंची, वह अनियंत्रित होकर सड़क से करीब तीन मीटर नीचे जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही काण्डीखाल पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि बस में करीब 30 यात्री सवार थे। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
घायलों की पहचान इस प्रकार है:
धन सिंह (48 वर्ष), पुत्र बचन सिंह, निवासी मालदेवता, देहरादून — बस चालक
मनोज (35 वर्ष), पुत्र गोविंदराम, निवासी गैरसैण, चमोली — बस परिचालक
सोनिया (लगभग 25 वर्ष), पुत्री पुरानचंद, निवासी शिव नगर, जम्मू
पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button