उत्तराखण्डराज्य

UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट

चमोली : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय पदों की लिखित परीक्षा को जनपद चमोली में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार द्वारा जनपद के समस्त कोतवाली एवं थाना प्रभारियों को परीक्षा को शत-प्रतिशत नकल विहीन एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने हेतु सभी स्तरों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी चमोली के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत स्थित कुल 18 परीक्षा केंद्रों का सघन एवं भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापकों, प्रधानाचार्यों एवं केंद्र प्रभारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित कर परीक्षा के दौरान सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं गोपनीयता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान परीक्षा कक्षों, प्रश्नपत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं के सुरक्षित रख-रखाव हेतु निर्धारित स्थलों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, सीसीटीवी व्यवस्था तथा केंद्रों के आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया। साथ ही परीक्षा दिवस पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित किए जाने की कार्ययोजना भी तैयार की गई।
इसी क्रम में देर रात्रि तक जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रान्तर्गत स्थित होटल, होमस्टे, लॉज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान वहां ठहरे व्यक्तियों के पहचान पत्रों एवं अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा होटल एवं होमस्टे संचालकों द्वारा रखे गए आगंतुक रजिस्टरों की गहन जांच की गई। पुलिस द्वारा बाहरी व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
चमोली पुलिस अपील करती है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नकल गिरोह अथवा परीक्षा से संबंधित अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल अपने पुलिस अथवा डायल 112 पर दें। परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button