काउंटी में अपने डेब्यू पर सुथार ने लिए तीन विकेट

लंदन: भारतीय टीम के लिए अपने टेस्ट डेब्यू पर कमाल का प्रदर्शन करने वाले मानव सुथार ने काउंटी क्रिकेट में भी अपनी बेहतरीन लय को जारी रखते हुए वॉरिकशायर के लिए अपना पहला मैच खेलते हुए यॉर्कशायर के ख़िलाफ़ 81 रन देकर तीन विकेट हासिल किए।
यॉर्कशायर ने पहली पारी में बेहतरीन शुरुआत की थी और एक विकेट के नुक़सान पर 192 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद सुथार ने 167 रन की बेहतरीन पारी खेलने वाले विलियम लक्सटन को अपना पहला शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने 55 रन की पारी खेलने वाले सैम व्हार्टन को अपना दूसरा शिकार बनाया।
इन दो महत्वपूर्ण विकेटों के बाद सुथार ने अपना तीसरा विकेट जॉर्ज हिल के रूप में हासिल किया। हिल भी 30 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे। कुल मिलाकर सुथार ने अपने तीनों विकेट सेट बल्लेबाज़ों के रूप में लिए। इसका परिणाम यह रहा कि यॉर्कशायर मज़बूत शुरुआत के बावजूद सिर्फ़ 469 रन ही बना पाई।
अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ अपने डेब्यू टेस्ट में मैन ऑफ़ द मैच बने सुथार ने कुल सात विकेट हासिल किए थे। इसके बाद सुथार छोटी अवधि के लिए वॉरिकशायर से अनुबंधित हुए हैं। वह काउंटी चैंपियनशिप के दो राउंड के लिए उपलब्ध रहेंगे।
सुथार ने 29 प्रथम श्रेणी मुक़ाबलों में 132 विकेट हासिल किए हैं और वह पहली बार इंग्लैंड के घरेलू सर्किट का हिस्सा बने हैं।
अपने पहले काउंटी स्टिंट के बारे में सुथार ने एक बयान में कहा था, “मैं काउंटी चैंपियनशिप में वॉरिकशायर से जुड़ने को लेकर काफ़ी उत्साहित हूं। टीम ने सीज़न की अच्छी शुरुआत की है और मुझे उम्मीद है कि टीम को ख़िताब दिलाने की कोशिश में मैं उनकी मदद कर पाऊंगा।”




