ब्रिटेन की अदाएजा हॉज ने एनसीएए आउटडोर पर्दापण में जीता 200 मी का खिताब

ओरेगन, (अमेरिका) ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स की ओलंपियन अदाएजा हॉज ने शनिवार को 2026 एनसीएए डिविजन I आउटडोर ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप में महिलाओं का 200 मीटर खिताब जीतकर अपने शानदार एनसीएए आउटडोर पर्दापण को यादगार बना दिया।
100 मीटर रेस में जमैका की शेनीस वॉकर से हारकर दूसरे स्थान पर रहने के कुछ ही घंटों बाद, वह ट्रैक पर लौटीं और 21.68 सेकंड में जीत हासिल की। इस दौरान उन्होंने 2022 में एबी स्टीनर द्वारा बनाए गए 21.80 सेकंड के कॉलेजिएट रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
यह प्रदर्शन उस घटना के दो दिन बाद आया जब हॉज ने 100 मीटर के शुरुआती दौर में 10.63 सेकंड का समय निकालकर एनसीएए रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया था। उन्होंने 2019 में शा’कैरी रिचर्डसन द्वारा बनाए गए 10.75 सेकंड के कॉलेजिएट रिकॉर्ड को तोड़ा था। यह समय इस सीजन में दुनिया का पांचवां सबसे तेज प्रदर्शन है।
हॉज शुरुआती दौर में टॉप क्वालिफायर के तौर पर 200 मीटर के फ़ाइनल में पहुंची थीं।
20 साल की इस एथलीट ने फ़ाइनल में कोई कसर नहीं छोड़ी और बाकी प्रतिस्पर्धियों से काफी आगे निकलकर अपना पहला एनसीएए खिताब जीता। अमेरिका की शोंटी जैक्सन ने 22.12 सेकंड के अपने पर्सनल बेस्ट समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कैमरिन डिक्सन 22.18 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
मुकाबला जीतने के बाद हॉज ने कहा, “बस पीछे मुड़कर यह सोचना कि ‘जो हुआ सो हुआ। यह सब भगवान की योजना का हिस्सा था। आगे बढ़ो, अगले पर ध्यान दो।’ यह खेल के प्रति मेरी परिपक्वता को दिखाता है।”



