टी20 महिला विश्वकप: न्यूजीलैंड की महिला टीम ने आयरलैंड को चार रनों से हराया

साउथैम्पटन, एजेंसी: कप्तान एमेलिया केर (30 रन/दो विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत न्यूजीलैंड ने महिला टी20 विश्वकप के 13वें मुकाबले में आयरलैंड को चार रनों से शिकस्त दी। आयरलैंड ने शुक्रवार रात खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 140 रनों का स्कोर बनाया। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और उसने 10 रन के स्कोर पर अपने तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान एमेलिया केर ने ब्रूक हेलिडे के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों के बीच चौथे विकेट लिए 38 रनों की साझेदारी हुई। नौंवें ओवर में कैरा मरे ने एमेलिया केर (30) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद इजी शार्प ने ब्रूक हेलिडे के साथ 62 रन जोड़कर सम्मानजनक स्कोर की नींव रखी। 17वें ओवर में ब्रूक हेलिडे (34) रन बनाकर आउट हुई। इजी शार्प ने 28 गेंदों में (36) रन बनाए। उन्हें 19वें ओवर में आर्लीन केली ने आउट किया। सूजी बेट्स 19 रन बनाकर नाबाद रही।
141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 136 रन ही बना सकी और मुकाबला चार रनों से हार गई। पहला विकेट जल्द गंवाने के बाद कप्तान गैबी लुईस और ऑर्ला प्रेंडरगस्ट की जोड़ी ने दूसरे विकेट के लिए 110 रन जोड़कर अपनी टीम को जीत के लक्ष्य के करीब तक पहुंचा दिया था। 18वें ओवर में एमेलिया केर ने ऑर्ला प्रेंडरगस्ट को आउटकर आयरलैंड को दूसरा झटका दिया। ऑर्ल प्रेंडरगस्टर ने 53 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए (59) रन बनाए। इसी ओवर की अखिरी गेंद पर केर ने रेबेका स्टोकेल (शून्य) को आउट कर आयरलैंड पर दबाव बना लिया। 19वें ओवर में रोजमेरी मेयर ने गैबी लुईस को आउटकर आयरलैंड की उम्मीदों को तगड़ा झटका दिया। गैबी लुईस ने 53 गेंदों में छह चौके लगाते हुए (58) रन बनाए। लुईज लिटिल (पांच) और ली पॉल (आठ) रन बनाकर नाबाद रही।



