आईपीएल 2027: डीसी में फिर साथ दिखेंगे गांगुली और युवराज सिंह

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कोचिंग स्टाफ में पूर्व भारतीय बल्लेबाज सौरव गांगुली और युवराज सिंह जुड़ने वाले हैं। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से अभी तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन माना जा रहा है कि गांगुली को मुख्य कोच बनाया जाएगा, जबकि युवराज बल्लेबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे। कोचिंग स्टाफ में यह बदलाव, आईपीएल 2024 के बाद डीसी के सह-मालिकों जीएमआर स्पोर्ट्स और जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के बीच हुए समझौते के तहत हो रहा है। इस व्यवस्था के अनुसार दोनों ग्रुप बारी-बारी से दो-दो साल के चक्र में टीम के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गांगुली को 2024 में जेएसडब्लयू का क्रिकेट डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। वह दिल्ली के मेंटॉर भी रह चुके हैं। एसए 20 2025 में उन्होंने प्रिटोरिया कैपिटल्स के मुख्य कोच के रूप में काम किया था, जो उनके कोचिंग करियर का पहला अनुभव था। वह वीमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में भी डीसी से जुड़े रहे हैं। 2019 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद यह युवराज का पहला औपचारिक कोचिंग पद होगा। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह सहित कई खिलाड़ियों ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी बल्लेबाजी में सफलता का श्रेय युवराज को दिया है। लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड के जरिए डीसी में वापसी करने जा रहे ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 से पहले मुंबई में युवराज के साथ अभ्यास सत्र में थे। समझा जाता है कि पंत के ट्रेड में गांगुली और युवराज दोनों की भूमिका रही है।
ऋषभ पंत और कुलदीप यादव की हो सकती है अदला-बदली
नई दिल्ली एजेंसी: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2027 से पहले होने वाले पहले ट्रेड में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को उनकी पुरानी फ़्रैंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को वापस भेजने और बदले में भारत के स्पिनर कुलदीप यादव को अपनी टीम में शामिल करने की तैयारी कर रही है। ट्रेड के तहत रवींद्र जाडेजा के बाद पंत दूसरे बड़े खिलाड़ी होंगे जिनकी सैलरी कम होगी। आईपीएल 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड में से एक किया था। तब उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के साथ संजू सैमसन के बदले जाडेजा का ट्रेड किया था। 2022 में,सीएसके ने जडेजा को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, लेकिन आरआर ने उन्हें 14 करोड़ की सैलरी ऑफर करके अपनी टीम में शामिल किया था। माना जा रहा है कि पंत से दो फ़्रेंचाइजी ने संपर्क किया था। उसमें एक टीम डीसी थी और एक ऐसी टीम थी, जिसने एक से ज्यादा बार आईपीएल जीता है।
हार्दिक जैसी होगी वापसी
अगर यह ट्रेड सफल होता है, तो पंत की दिल्ली कैपिटलस में वापसी हार्दिक पांड्या की मुंबई इंडियंस में वापसी जैसी होगी। दोनों खिलाड़ी उस फ्रेंचाइजी में लौट रहे हैं जहां से उनका आईपीएल सफर शुरू हुआ था। पंत ने आईपीएल 2026 में ख़राब प्रदर्शन के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी छोड़ दी थी। इसके बाद एलएसजी ने कहा था, लखनऊ सुपर जायंट्स पचारिक रूप से यह घोषणा करती है कि ऋषभ पंत ने फ़्रेंचाइजी से कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया है। फ़्रेंचाइजी ने उनके इस अनुरोध को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। साथ ही एलएसजी के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा था, ऋषभ ने फ़्रेंचाइजी से इस संबंध में संपर्क किया था और हमने सम्मानपूर्वक उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। ऐसे निर्णय लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं। अब हमारा ध्यान सर्वश्रेष्ठ मानकों तक पहुंचने के लिए टीम के सामूहिक पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर है।


