देश

लखनऊ : इमारत में भीषण आग लगने से अब तक 15 लोगों की मौत

लखनऊ के अलीगंज में भीषण हादसा पेश आया है। यहां अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को एक इमारत में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी मृतकों की उम्र 20 से 24 साल के बीच बताई जा रही है। फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने के साथ राहत और बचाव कार्य में जुटी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए छत से छलांग लगा दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार 10 से 12 लोग यहां पर फंसे हुए हैं। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। एक चश्मदीद अमन ने बताया, “यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है। जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। हमने 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से नीचे कूद गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुरुआती जानकारी में यह मामला कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी से जोड़ा गया था, लेकिन बाद में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इमारत में न तो कोई कोचिंग सेंटर चल रहा था और न ही कोई लाइब्रेरी थी। अधिकारियों के अनुसार ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिल पर गेमिंग जोन था, जहां कर्मचारी गेमिंग सॉफ्टवेयर पर काम करते थे।
मुख्यमंत्री ने घटना पर दुख जताया है। उन्‍होंने अधिकारियों को प्रभावित परिजनों से संवाद स्थापित कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के समुचित इलाज करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “अभी ऊपरी मंजिल पर कोई नहीं है। पहली मंजिल की दीवार तोड़कर कर्मचारी अंदर गए हैं, धुंआ अधिक है। एक-एक कमरे की जांच की जा रही है। हमारी प्राथमिकता है कि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाला जाए। प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े सभी लोगों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एंबुलेंस मौके पर हैं।”

Related Articles

Back to top button