उत्तराखण्डराज्य

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किया गया प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन

देहरादून। सावन कृपाल रूहानी मिशन की 207 राजपुर रोड़ पर स्थित देहरादून शाखा कृपाल आश्रम की ओर से 21 जून, 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बैंक ऑफ बड़ौदा रिटायर्ड ऑफिसर्स एसोसिएशन के सदस्यों के लिए एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 42 से ज्यादा रिटायर्ड ऑफिसर्स सदस्यों की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम का विषय था, ‘ध्यान-अभ्यास के द्वारा पुराना समय और बीते हुए साल सुनहरे साल बन जाते हैं।’
कार्यक्रम में इस विषय को बहुत ही स्पष्टता के साथ खोल-खोलकर समझाया गया कि जब व्यक्ति रिटायर्ड होता है तो वो अपने जीवन के बीते हुए समय और वर्षों को बार-बार याद करके बहुत दुःखी होता है, जिससे कि उसके अंदर निराशा बनी रहती है लेकिन जब हम प्रतिदिन ध्यान-अभ्यास करते हैं तो हमें अपने अंदर प्रभु की ज्योति और श्रुति का अनुभव होता है और हमें अपने अंदर सुख और शांति मिलती है तथा साथ ही साथ हमारे स्वभाव में भी बहुत बड़ा बदलाव आता है। हमें अपने जीवन में घटी किसी भी बुरी घटना या दुखद समय का दुःख नहीं होता क्योंकि हमारा जीवन को देखने का नज़रिया ही बदल जाता है। परिणामस्वरूप हमारे जीवन का पुराना समय और बीते हुए वर्ष सुनहरे वर्ष बन जाते हैं।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि जहाँ शारीरिक व्यायाम शरीर के स्वास्थ्य और जीवन-शक्ति को बढ़ाते हैं, वहीं ध्यान-अभ्यास आंतरिक शांति, आत्म-जागरूकता और आध्यात्मिक विकास प्राप्त करने में मदद करता है।
सभी गणमान्य व्यक्तियों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसकी प्रेरणादायक और प्रभावी प्रस्तुति की सराहना की। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया देते हुए बढ़ती उम्र में स्वस्थ जीवन जीने के लिए ध्यान-अभ्यास के फायदों के बारे में जानने के अवसर के लिए आभार व्यक्त किया।
सावन कृपाल रूहानी मिशन के वर्तमान अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज संपूर्ण विश्व में ‘सुरत शब्द योग’ की विधि सिखा रहे हैं, जो ना सिर्फ हमारे तन और मन को स्वस्थ रखता है बल्कि इससे हमारी आत्मा को भी बल मिलता है क्योंकि हमारी आध्यात्मिक सेहत पर ही हमारी शारीरिक और मानसिक सेहत निर्भर करती है।
सावन कृपाल रूहानी मिशन के अध्यक्ष संत राजिन्दर सिंह जी महाराज आज संपूर्ण विश्व में ध्यान-अभ्यास द्वारा प्रेम, एकता व शांति का संदेश प्रसारित कर रहे हैं, जिसके फलस्वरूप उन्हें विभिन्न देशों द्वारा अनेक शांति पुरस्कारों व सम्मानों के साथ-साथ पाँच डॉक्टरेट की उपाधियों से भी सम्मानित किया जा चुका है।
सावन कृपाल रूहानी मिशन के संपूर्ण विश्व में लगभग 3400 से अधिक केन्द्र स्थापित हैं तथा मिशन का साहित्य विश्व की 55 से अधिक भाषाओं में प्रकाशित हो चुका है। इसका मुख्यालय विजय नगर, दिल्ली में है तथा अंतर्राष्ट्रीय मुख्यालय नेपरविले, अमेरिका में स्थित है।

Related Articles

Back to top button