उत्तराखण्डराज्य

16 करोड़ के पुल की एप्रोच रोड 16 दिन में ध्वस्त

पहली बारिश ही नहीं झेल सकी एप्रोच रोड
देहरादून। राजधानी देहरादून में करोड़ों रुपये की लागत से बना एक पुल फिर सवालों के घेरे में है। प्रेमनगर-नंदा की चौकी के पास नेशनल हाईवे पर स्थित यह पुल महज 16 दिन पहले ही जनता के लिए खोला गया था। पुल की एप्रोच रोड के ऊपर एक बड़ा जानलेवा गड्ढा बन गया है। वहीं डीएम ने कहा कि दोषी अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने इस पुल पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। पिछले साल बरसात में बहने के बाद इस पुल का करीब 16 करोड़ की लागत से पुनर्निर्माण कराया गया था। अधूरे निर्माण के बावजूद 13 जुलाई को मुख्य पुल को आनन-फानन में यातायात के लिए खोल दिया गया था। अब महज 16 दिन बाद ही पुल की एप्रोच रोड धंस गई है, जिसके बाद पूरे इलाके का राजधानी देहरादून से सड़क संपर्क प्रभावित हो गया है। रोड क्षतिग्रस्त होने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, रोड के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोग निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जिम्मेदार एजेंसियों पर सवाल उठा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पुल की स्थिति का निरीक्षण शुरू कर दिया। फिलहाल एहतियातन आवाजाही रोक लगा दी गई है।
इससे पहले 11 जुलाई की रात टौंस नदी के तेज बहाव में ह्यूम पाइप डालकर बनाई गई अस्थायी पुलिया धंस गई थी। आवाजाही के संकट को देखते हुए इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने द्रुत गति से काम पूरा कर 13 जुलाई से पुनर्निर्मित मुख्य पुल पर गाड़ियों का संचालन शुरू कराया था। वहीं, नए पुल की एप्रोच रोड पर बड़ा गड्ढा होने से एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम
वहीं, रोड धंसने की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान भी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त एप्रोच वॉल का निरीक्षण किया। अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करते हुए 3 घंटे के अंदर एप्रोच वॉल को रिस्टोर करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने शहर से निरीक्षण किया। इस दौरान वो सोडा सरोली पहुंचे, जहां पीएमजीएसवाई की वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल खोलने के निर्देश दिए गए हैं। मलबा आने से बंद थानों मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। जिलाधिकारी फील्ड में बने हुए हैं और वर्षा से क्षति का निरीक्षण कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि पुल की एप्रोच रोड में गड्ढा हो गया। अफसरों से 3 घंटे में पुल ठीक करने को कहा गया है। चीफ इंजीनियर पीडब्ल्यूडी और सीपीडब्ल्यूडी मौके पर हैं। ये लोग रिपोर्ट बना रहे हैं। जो भी विभागीय अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

Related Articles

Back to top button