उत्तराखण्डराज्य

ग्रामोत्थान परियोजना के अन्तर्गत संस्कृति स्वायत्त सहकारिता कंडारा की द्वितीय आम सभा बैठक आयोजित

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) के अंतर्गत संस्कृति स्वायत्त सहकारिता कंडारा, कर्णप्रयाग की द्वितीय वार्षिक आम सभा (AGM) का आयोजन फलोटा में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान रीप शशिकांत यादव, विशिष्ट अतिथि सहायक प्रबंधक संस्थाएं एवं समावेशन महेन्द्र कफोला, एमई अर्जुन कंडारी, सहकारिता एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों सहित सहकारिता के बीओडी सदस्य, 12 ग्राम संगठनों की पदाधिकारी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। ग्राम संगठनों की महिलाओं द्वारा स्वागत गीत एवं उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित मांगल, चांचड़ी एवं झुमैलो की सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।


इस अवसर पर सहकारिता के 2025–26 के कार्यों, शेयर धन, व्यक्तिगत उद्यम एवं अल्ट्रा पुअर लाभार्थियों की प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया गया। खुली बैठक में निदेशक मंडल का चुनाव हुआ, जिसमें अध्यक्षा कांता देवी रावत, उपाध्यक्ष दर्शनी देवी, कोषाध्यक्ष देवेश्वरी देवी एवं सचिव ममता देवी सहित बीओडी को यथावत रखा गया।
विशिष्ट अतिथि महेन्द्र कफोला ने रीप परियोजना के उद्देश्यों, महिलाओं की आजीविका संवर्धन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा महिलाओं को लखपति दीदी बनाने की दिशा में उद्यमों को बढ़ाने पर जोर दिया। पशुपालन विभाग द्वारा मुर्गी पालन, दुग्ध व्यवसाय, भेड़ पालन, पशु बीमा एवं नन्दी संरक्षण योजना की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि शशिकांत यादव ने रीप परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं तक योजनाओं एवं उद्यमिता के अवसर पहुंचाने, सीबीओ आधारित उद्यमों, शेयर धन, अल्ट्रा पुअर एवं व्यक्तिगत उद्यमों को बढ़ावा देने की जानकारी दी तथा महिलाओं को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान तीन व्यक्तिगत उद्यमियों को चेक वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न ग्राम संगठनों की उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। नवनिर्वाचित बीओडी को भी बधाई दी गई।

Related Articles

Back to top button