पंचम केदार कल्पेश्वर महादेव परिसर में भारी बारिश के बाद अचानक भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मची

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पंचम केदार कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद अचानक भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। पहाड़ी से आए भारी मलबे ने मंदिर के अतिरिक्त कक्ष और भंडार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर के कर्मचारी परिसर से बाहर थे, जिससे जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद अचानक भारी मात्रा में मलबा मंदिर परिसर की ओर आ गया। देखते ही देखते मलबे ने अतिरिक्त कक्ष और भंडार को अपनी चपेट में ले लिया। भंडार में रखे गैस सिलेंडर, बिस्तर, खाद्य सामग्री समेत अन्य सामान मलबे में दब गया। इससे करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है।
भूस्खलन के कारण मंदिर परिसर में भी भारी मात्रा में मलबा जमा हो गया है। इससे परिसर को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मलबा आने से मंदिर परिसर में काफी नुकसान हुआ है और यहां रखी आवश्यक सामग्री भी बर्बाद हो गई।
जिस समय अचानक भारी मलबा मंदिर परिसर में आया, उस दौरान मंदिर के सभी कर्मचारी परिसर से बाहर निकल चुके थे। यदि कर्मचारी उस समय अतिरिक्त कक्ष में मौजूद होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। समय रहते कर्मचारियों के बाहर निकल जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण कराने, मलबा हटाने और भविष्य में भूस्खलन की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।




