उत्तराखण्डराज्य

प्रेमिका निकली मास्टरमाइंड, ₹5 लाख में दी थी प्रेमी की हत्या की सुपारी, सगाई से थी नाराज

देहरादून । कोतवाली पटेल नगर के बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी पर हुई फायरिंग के मामले में दून पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक बैंककर्मी की पूर्व प्रेमिका ही हत्या की साजिश की मास्टरमाइंड निकली। प्रेमी के दूसरी युवती से सगाई करने से नाराज प्रेमिका ने उसकी हत्या के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेमिका समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को बड़ोवाला क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने ज्वालापुर निवासी सत्यम कुमार नाम के बैंककर्मी को गोली मार दी थी। सत्यम अपनी बहन के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बदमाशों ने स्कूटी को ओवरटेक कर रोका और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया था। मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की।
11 सितंबर को पुलिस को दोनों शूटरों के दोबारा देहरादून आने की सूचना मिली। गोरखपुर चौक पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर चाय बागान की पगडंडी के पास बदमाशों ने बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भागते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लक्सर निवासी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, घायल हरिद्वार निवासी अंकित ने पूछताछ में बताया कि रानीपुर निवासी मोहित के जरिए उसकी मुलाकात ज्वालापुर निवासी मालिया रहमान से हुई थी। मालिया के कहने पर उसने अपने साथी अंकुर के साथ सत्यम की हत्या की कोशिश की। इसके लिए उसे 5 लाख रुपए देने का सौदा हुआ था। उसे 1.20 लाख रुपए एडवांस भी दिए गए थे।
पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया कि, मालिया और सत्यम वर्ष 2020 से संपर्क में थे और दोनों के बीच करीब पांच साल से प्रेम संबंध था। वर्ष 2023 में मालिया ने परिवार के दबाव में शादी कर ली, लेकिन सत्यम से संपर्क जारी रहा। बाद में उसका विवाह टूट गया। वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया। आरोप है कि सत्यम ने फरवरी 2026 में किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली और इसके बाद मालिया से दूरी बनाते हुए उसे सोशल मीडिया पर भी ब्लॉक कर दिया। इससे नाराज होकर मालिया ने सत्यम को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो और उसके देहरादून स्थित बैंक कार्यालय की जानकारी दी थी। इसके बाद 8 सितंबर को अंकित और अंकुर ने बड़ोवाला में सत्यम पर फायरिंग की।

घटना के बाद बची हुई रकम लेने के लिए अंकित और अंकुर दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने अंकित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। अंकित की निशानदेही पर मुख्य आरोपी मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया गया। फरार आरोपी अंकुर की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी अंकित का पूर्व का आपराधिक इतिहास सामने आया है।
-जितेंद्र चौधरी, एसपी ट्रैफिक-

Related Articles

Back to top button