उत्तराखंड की मंत्री ने रोते हुए सोशल मीडिया पर डाला वीडियो ‘पति के दूसरी महिलाओं से संबंध, विरोध किया तो मारपीट की’

देहरादून: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने फेसबुक पेज पर वीडियो डाला है। इसमें रेखा आर्या रोते हुए अपनी बात कह रही हैं। इस वीडियो में उन्होंने अपने साथ घरेलू हिंसा होने का आरोप लगाया है। इसे लेकर उन्होंने अपने पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। रेखा आर्या ने अपने फेसबुक पेज पर न सिर्फ अपना वीडियो डाला है, बल्कि अपने पति गिरधारी लाल साहू की फोटो समेत दो ऑडियो भी पोस्ट किए हैं।
अपने वीडियो में रोते हुए रेखा आर्या ने कहा, ‘आज मैं एक ऑडियो लेकर आई हूं। इस ऑडियो ने मुझे झकझोर दिया है। मेरे वैवाहिक जीवन पर प्रश्न लगा दिया है। ईमानदारी के साथ रहने के बदले ऐसा परिणाम मिलता है क्या? इस ऑडियो को सुनकर आज मुझे हृदयाघात की पीड़ा के साथ ये निर्णय लेना पड़ा, पुलिस में तहरीर देनी पड़ी, अपने बच्चों की रक्षा-सुरक्षा के लिए।’
वह आगे कहती हैं, ‘ये वीडियो भी मैं इसलिए बना रही हूं, क्योंकि महिला आम हो या खास…. घरेलू अत्याचार न सहना है, बल्कि उसे कहना है। बाकी आप ऑडियो सुने तो खुद ब खुद सारे प्रश्नों का उत्तर मिलेगा।’




