केदारनाथ धाम जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी, 5 यात्री घायल

टिहरी । गंगोत्री से केदारनाथ जा रही बस ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे NH-34 पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 5 यात्री घायल हो गए, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बस से बाहर निकाला। जिसके बाद घायलों को तत्काल नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। जहां घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस हादसे की जांज में जुट गई है।
गौर हो कि आज उत्तराखंड में हादसों का दिन रहा, जहां एक ओर हरिद्वार में एक बस को डंपर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद बस सड़क पर पलट गई, इस हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 31 यात्री घायल हो गए। हीं बस में 45 यात्री सवार थे और सभी यात्री गंगा स्नान कर राजस्थान लौट रहे थे। वहीं दूसरी ओर ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर चारधाम यात्रियों की बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में पांच लोग घायल हो गए। नई टिहरी कंडीखाल पुलिस चौकी इंचार्ज राजेन्द्र कुमार ने बताया कि बस नंबर HR73 B 6666 चारधाम यात्रियों को लेकर गंगोत्री से केदारनाथ जा रही थी, तभी कंडीखाल व चंबा के बीच खेतधार मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप वाहन पर टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे पलट गई।
जिसमें 5 यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, 2 कुक, 1 चालक और 1 परिचालक शामिल थे। यह बस गंगोत्री से केदारनाथ धाम की ओर जा रही थी। दुर्घटना चंबा मार्ग पर कांडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे जौलांगी के समीप हुई, जहां बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा जा रहा है। राजस्व विभाग की टीम भी घटनास्थल पहुंची। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।



