
अहमदाबाद। वैश्विक स्तर पर सूचना प्रौद्योगिकी समाधान एवं सेवाएं प्रदान करने वाली सूचीबद्ध भारतीय कंपनी हेक्सवेयर टेक्नोलॉजीज ने शनिवार को गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक-सिटी (गिफ्ट सिटी) में एक नया डिलीवरी सेंटर खोला। कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र-गिफ्ट सिटी में हेक्सावेयर टेक उद्घाटन गुजरात के माननीय मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल द्वारा किया गया। यह केंद्र हेक्सवेयर के वैश्विक बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) ग्राहकों को डिजिटल समाधान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड ट्रांसफॉर्मेशन, डेटा इंजीनियरिंग और अगली पीढ़ी की सॉफ्टवेयर सेवाएं प्रदान करेगा। हेक्सवेयर के कार्यकारी निदेशक आर श्रीकृष्ण ने कहा, “ गिफ्ट सिटी वित्तीय सेवाओं, प्रौद्योगिकी और नवाचार का एक अनूठा संगम है। गिफ्ट सिटी में हमारा विस्तार हमारी उस रणनीति के अनुरूप है जिसमें हम अपने ग्राहकों के करीब रहते हुए इससे असाधारण प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र का लाभ मिलता है। हम गुजरात के प्रौद्योगिकी परिदृश्य के विकास में योगदान देने और कुशल पेशेवरों के लिए सार्थक करियर के अवसर सृजित करने को लेकर उत्साहित हैं। ”
कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी विकाश कुमार जैन ने कहा, “ गिफ्ट सिटी हेक्सवेयर जैसी केंद्रित और बड़े पैमाने की कंपनी के लिए एक आकर्षक प्रस्ताव प्रस्तुत करता है। वित्तीय सेवाओं का परिदृश्य, प्रतिभा की गुणवत्ता और राज्य सरकार की नीतिगत व्यवस्था ढांचे से हमें यह निर्णय करने में मदद मिली है।



