झिलमिल झील सफारी में पर्यटकों और चालक से अभद्रता, मारपीट
खुद को पत्रकार बताने वाले कुछ लोगों पर वाहन रोककर हंगामा करने का आरोप

पीड़ित चालक ने कराया मेडिकल, पुलिस को दी तहरीर, कार्रवाई की मांग
हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र स्थित झिलमिल झील सफारी जोन में पर्यटकों और सफारी वाहन चालक के साथ अभद्रता एवं मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में श्यामपुर निवासी एक वाहन चालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तालिब हसन पुत्र इरशाद अली, निवासी दूधलादयालवाला उर्फ नौकी दासोवाली, श्यामपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 जून की शाम वह पर्यटकों को लेकर झिलमिल झील क्षेत्र में जंगल सफारी करा रहा था। शाम करीब सात बजे जब वह दासोवाली क्षेत्र में पहुंचा, तभी कुछ लोगों ने उसकी गाड़ी रोक ली और खुद को पत्रकार बताते हुए वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
आरोप है कि हरपाल निवासी टांटवाला, राहुल शर्मा, लक्ष्मण, अरुण कश्यप तथा दो अन्य लोगों ने उसके साथ और वाहन में बैठे पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। तालिब हसन का कहना है कि इस घटना से पर्यटकों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया। उन्होंने कहा कि झिलमिल झील क्षेत्र पर्यटकों के लिए एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल है और इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की छवि को धूमिल करने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है।





