अमेरिकी बी-52 बॉम्बर विमान दुर्घटनाग्रस्त, आठ की मौत

वॉशिंगटन: कैलिफ़ोर्निया के एडवर्ड्स हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अमेरिकी वायु सेना का बी-52 बॉम्बर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बेस ने यह भी पुष्टि किया कि बी-52 बॉम्बर के चालक दल के आठ सदस्यों के मारे जाने की आशंका है। यह जानकारी एडवर्ड्स वायु सेना बेस ने दी।
बेस ने एक बयान में कहा, “आठ लोगों को लेकर जा रहा वायु सेना का बी-52 स्ट्रैटोफ़ोर्ट्रेस विमान, एक रूटीन मिशन के दौरान आज सुबह 11:20 बजे पीडीटी ( भारतीय समयानुसार सोमवार रात 11:50 बजे) उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि इस हादसे में किसी के बचने की उम्मीद नहीं है। आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम मौके पर मौजूद है और अधिकारी सभी लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।”
बेस ने बताया कि हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया और आने वाले सभी विमानों का रास्ता बदला जा रहा था। बयान में कहा गया, “अगले आदेश तक सभी गैर-व्यावसायिक विज़िटर पास निरस्त कर दिए गए हैं, ताकि संस्थान पूरी तरह से आपातकालीन प्रतिक्रिया कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर सके।” अमेरिकी मीडिया ने दुर्घटना के वीडियो जारी किए हैं, जिनमें ज़मीन का एक बड़ा हिस्सा जला हुआ दिख रहा है, विमान का मलबा मुश्किल से ही नज़र आ रहा है और कुछ जगहों पर धुआं उठ रहा है। बयान के मुताबिक, दुर्घटना की जांच की जा रही है।




