उत्तराखण्डराज्य

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने ठाकुरपुर में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सड़क का किया शिलान्यास

देहरादून/विकासनगर। शुक्रवार को सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपुर में दुर्गा मंदिर से काली मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर ₹25,01,094 की लागत से निर्मित होने वाली 500 मीटर लंबी इंटरलॉकिंग टाइल्स सड़क का विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने विधिवत शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ग्राम ठाकुरपुर में इस सड़क का निर्माण पूरा होने से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। विशेष रूप से दुर्गा मंदिर से काली मंदिर तक जाने वाले इस मार्ग के निर्माण से श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी।
विधायक पुंडीर ने कहा कि सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गांवों की स्थानीय आवश्यकताओं और जनअपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जा रहा है। उनका प्रयास है कि प्रत्येक गांव में आवश्यक जनसुविधाओं का विस्तार हो और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी दिशा में क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सड़क, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य निरंतर जारी है। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र भी इस विकास यात्रा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिल सके।
इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य अर्चना क्षेत्री, भावना शर्मा, दुर्गा राजपूत, कमला बिष्ट, आरती दीपक टंडन, गीता प्रधान, एमडीडीए के अवर अभियंता अरविंद पंवार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button