
New Delhi : भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमशीलता मंत्रालय के तहत प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी ) के अंतर्गत आने वाले नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (एनएसटीआई) फॉर वुमन – एनएसटीआई (महिला), सेक्टर-1, नोएडा ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (सीटीएस) के तहत अपने एनसीवीईटी -मान्यता प्राप्त (एनएसक्यूएफ के अनुरूप) कौशल विकास कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इच्छुक उम्मीदवार योग्यता के विस्तृत मानदंड, उपलब्ध ट्रेड और प्रवेश से जुड़ी अन्य गाइडलाइंस देख सकते हैं। वे संस्थान के एडमिशन पोर्टल https://nstiwnoida.dgtmsde.in पर जाकर और शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए ‘सीटीएस ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन’ लिंक चुनकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 जुलाई, 2026 (शाम 06:00 बजे तक) है।
गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए समर्पित एक प्रमुख संस्थान के रूप में, एनएसटीआई (महिला) नोएडा कई पारंपरिक और उभरते क्षेत्रों में इंडस्ट्री-ओरिएंटेड प्रशिक्षण प्रदान करता है। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, 5जी नेटवर्क, फैशन डिजाइन, कंप्यूटर एप्लीकेशन, कंप्यूटर एडेड एम्ब्रॉयडरी और डिजाइनिंग, इंटीरियर डिजाइन, कॉस्मेटोलॉजी और फ्रंट ऑफिस ऑपरेशंस जैसे क्षेत्र शामिल हैं। ये कार्यक्रम नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क (एनएसक्यूएफ़) के अनुरूप हैं, जिससे ट्रेनीज़ को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और रोजगार के विभिन्न अवसरों तक पहुँचने में मदद मिलती है। ‘स्किल इंडिया मिशन’ के विजन के प्रति प्रतिबद्ध, एनएसटीआई (महिला) नोएडा महिलाओं को उद्योग के अनुकूल कौशल से सशक्त बना रहा है, भविष्य के लिए तैयार प्रतिभाओं को निखार रहा है और भारत को दुनिया की ‘स्किल कैपिटल’ के रूप में उभरने में योगदान दे रहा है।




