उत्तराखण्ड

उत्तराखंड की डॉ. रमा गोयल को मिला प्रतिष्ठित ‘मदर टेरेसा ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026’ सम्मान

सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जयपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय समारोह में किया गया सम्मानित
देहरादून: उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है कि देहरादून की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था हर्षल फाउंडेशन की ट्रस्टी एवं सचिव डॉ. रमा गोयल को सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें जयपुर में आयोजित 11वें ग्लोबल समर्पण समाज गौरव-2026 समारोह में प्रतिष्ठित ‘मदर टेरेसा ग्लोबल समर्पण समाज गौरव 2026’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। समर्पण संस्था द्वारा 22 नवंबर 2026 को जयपुर स्थित सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के न्यू ऑडिटोरियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह GLORIA 2026 में डॉ. रमा गोयल को यह सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें मानवता की सेवा, निस्वार्थ सामाजिक योगदान और समाज के उत्थान के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए दिया गया। डॉ. रमा गोयल हर्षल फाउंडेशन के माध्यम से सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनका यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि देहरादून और उत्तराखंड में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाता है।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, जयपुर के अध्यक्ष देवेंद्र मोहन माथुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद राम कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर समर्पण संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आर्किटेक्ट डॉ. दौलत राम माल्या सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
डॉ. रमा गोयल को मिले इस सम्मान से हर्षल फाउंडेशन के सदस्यों, शुभचिंतकों और देहरादून के सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि समाज सेवा के प्रति समर्पित लोगों को निरंतर मानवता और परोपकार के कार्यों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी।

Related Articles

Back to top button