“समौण अगली पीढ़ी तें” में दिखा पहाड़ी संस्कृति का रंग, पारंपरिक व्यंजनों से महका गोपेश्वर कॉलेज

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में “समौण अगली पीढ़ी तें” पारंपरिक पहाड़ी पकवान महोत्सव का आयोजन किया गया। शिक्षा संकाय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
महाविद्यालय पहुंचने पर शिक्षा संकाय के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अमित कुमार जैसवाल ने बैज अलंकरण एवं शॉल भेंट कर पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। कार्यक्रम में बीएड द्वितीय सेमेस्टर के प्रशिक्षणार्थियों ने विभिन्न पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों की शानदार प्रस्तुति दी।

पुलिस अधीक्षक ने सभी व्यंजनों का अवलोकन कर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा तैयार किए गए पहाड़ी पकवानों का स्वाद भी लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से व्यंजनों की विशेषताओं की जानकारी लेते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां। कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, परंपराओं और पहाड़ी खान-पान की समृद्ध विरासत की झलक प्रस्तुत की।
इस अवसर पर एसपी सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, पारंपरिक खान-पान और संस्कृति से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एम.पी. नगवाल सहित शिक्षकगण एवं प्रशिक्षणार्थी मौजूद रहे।



