जंगल के बरसाती नाले में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

देहरादून। शुक्लापुर-डोंकवाला क्षेत्र के पास जंगल में स्थित बरसाती नाले में रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने नाले के पानी में एक शव को उल्टा पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे जंगल की ओर गए ग्रामीणों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी बीडीसी (BDC) रुचि भट्ट और अरुण भट्ट को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अरुण भट्ट एवं उप-प्रधान विक्की कश्यप ने तुरंत वसंत विहार थाना और नया गांव पुलिस चौकी को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल को सील कर दिया। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिक दृष्टि में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदा लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।




