उत्तराखण्ड

चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर हुई विस्तृत चर्चा

कोटद्वार । विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने शुक्रवार को चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय, कोटद्वार में चिकित्सा प्रबंधन समिति के साथ बैठक कर चिकित्सालय की व्यवस्थाओं एवं आवश्यकताओं की समीक्षा की। बैठक में चिकित्सालय में बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई व्यवस्था, सुरक्षाकर्मियों की उपलब्धता, लैब टेक्नीशियन सहित आवश्यक मानव संसाधन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। बैठक में चिकित्सालय में विभिन्न सेवाओं के लिए लिए जाने वाले शुल्क से प्राप्त धनराशि के उपयोग, भुगतान एवं संबंधित वित्तीय व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में उपलब्ध संसाधनों का उचित एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस. भदौरिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़ीं और चिकित्सालय से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा में सहभागिता की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चंद्र मोहन सिंह नेगी राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार क्षेत्र की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था है। यहां आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिता है। चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक में अपर जिलाधिकारी फिंचाराम चौहान,उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक विजय सिंह, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार भंडारी, कोष अधिकारी भुवनेश चंद्र, गणेश गौड़, विधायक प्रतिनिधि जितेंद्र नेगी, प्रमोद केष्टवाल, रजत भट्ट सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button