महामहिम राज्यपाल ने किए भगवान बद्री विशाल के दर्शन, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

चमोली। शनिवार को भू-वैकुण्ठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए तथा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उल्लेखनीय है कि महामहिम राज्यपाल ने 19 अक्टूबर 2026 को लोकभवन, देहरादून में प्रदेश के 9वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण के पश्चात यह उनका प्रथम बदरीनाथ धाम कार्यक्रम रहा।
बदरीनाथ धाम पहुंचने पर हेलीपैड में जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने राज्यपाल को स्मृति चिह्न एवं हरित पौधा भेंट कर महामहिम राज्यपाल का स्वागत किया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में महामहिम को सलामी दी। राज्यपाल महोदय ने पुलिस जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट एवं सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। भगवान बद्री विशाल के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के पश्चात महामहिम राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति से भी अवगत कराया।




