सीएम धामी बोले, हिन्दी हमारी सांस्कृतिक भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों का प्रतीक

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी हमारी सांस्कृतिक भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों का प्रतीक है। हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और भारतीयता की पहचान भी है। यह देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने के साथ ही विविधता में एकता की भावना को भी सशक्त करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिन्दी ने भारतीय समाज को जोड़ने और सामाजिक चेतना जागृत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिन्दी ने देशवासियों को एक सूत्र में बांधने में अहम योगदान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिन्दी के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हिन्दी के गौरव और सम्मान को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि हिन्दी दिवस पर अपने दैनिक जीवन में हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प लें और राजभाषा हिन्दी के सम्मान एवं विकास में सहभागी बनें।



