भराड़ीसैंण में दौड़े धावक, सौरभ और साधना ने जीती गैरसैंण मैराथन-2026

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में गांधी जयंती के अवसर पर गुरुवार को गैरसैंण मैराथन-2026 का आयोजन किया गया। फ्रेण्डस क्लब गैरसैंण एवं आरके जेएसएनएसएन मेमोरियल इंटर कॉलेज गैरसैंण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग के धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में महिला वर्ग में 73 और पुरुष वर्ग में 196 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था। उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से धावक प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे। मैराथन का शुभारंभ भराड़ीसैंण हैलीपैड से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया।
सुबह नौ बजे शुरू हुई दौड़ में प्रतिभागी भराड़ीसैंण से दिवालीखाल होते हुए ढोलबाजण पहुंचे और वहां से वापस भराड़ीसैंण हैलीपैड पहुंचकर दौड़ पूरी की। पुरुष प्रतिभागियों के लिए अधिकतम समय दो घंटे 30 मिनट तथा महिला प्रतिभागियों के लिए तीन घंटे निर्धारित किया गया था।
पुरुष वर्ग में देवाल के सौरभ सिंह ने मात्र एक घंटे 11 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। सौरभ को 11 हजार रुपये नकद एवं ट्रैक सूट प्रदान किया गया। देघाट के दिनेश चंद्र ने एक घंटे 15 मिनट में दौड़ पूरी कर दूसरा स्थान हासिल किया। दिनेश को नौ हजार रुपये एवं ट्रैक सूट दिया गया। हल्द्वानी के डमुवाढूंगा निवासी लोकेश कुमार ने एक घंटे 16 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। लोकेश को सात हजार रुपये एवं ट्रैक सूट से सम्मानित किया गया।
महिला वर्ग में लोहाघाट की साधना ने एक घंटे 29 मिनट में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। गोपेश्वर की दिया रावत ने एक घंटे 38 मिनट में दौड़ पूरी कर दूसरा और नंदप्रयाग की दीप शिखा ने एक घंटे 43 मिनट में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। आयोजन समिति की ओर से महिला वर्ग के प्रतिभागियों को भी नगद धनराशि एवं ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। मैराथन में विशेष आकर्षण नौ वर्षीय हर्षित रहे। मरोड़ा निवासी हर्षित ने दो घंटे 16 मिनट में 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। प्रतियोगिता में सबसे कम उम्र में मैराथन पूरी करने पर उन्हें 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, स्मृति चिह्न एवं ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के आयोजक जेएसएनएसएनएम मेमोरियल इंटर कॉलेज की प्रधानाध्यापिका ममता नेगी और फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष पंकज नेगीने बताया कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अनुशासन की भावना को बढ़ावा देना है। मंच पर आयोजन समिति की ओर से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं नेशनल एथलेटिक्स में चयन होने पर आस्था को भी सम्मानित किया गया। सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण की एंबुलेंस तैनात रही। अजीज जी प्रेम जी फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक चेक प्वाइंट पर मेडिकल किट उपलब्ध कराई गई। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका अध्यापक हरीश शाह, भागवत कोठियाल एवं मनोज शाह ने निभाई, जबकि मंच संचालन दिवाकर ढोंडियाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जगदीश बहुगुणा, ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी रावत, जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी व अनीता रावत, थानाध्यक्ष गैरसैंण मनोज सिरोला, डिप्टी रेंजर अवतार सिंह रावत, पूर्व प्रमुख शशि शौरियाल, एचपी गैस प्रबंधक हरीश रावत, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कैप्टन गंगा सिंह पंवार, यूथ फाउंडेशन भराड़ीसैंण के कोच एवं संचालक प्रकाश रावत, पूर्व प्रधानाध्यापक जगदीश राज, मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम सारकोट की प्रधान प्रियंका नेगी, भाजपा मंडल अध्यक्ष हुकुम सिंह, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष कुलदीप रावत, सहित आयोजन समिति के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।




