कुंभ मेला 2027 में 15 मार्च को होगा देवभूमि की देव डोलियों एवं देव स्वरूपों का अमृत स्नान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिला श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति का प्रतिनिधिमंडल — ऐतिहासिक निर्णय के लिए जताया आभार
देहरादून। हरिद्वार कुंभ मेला 2027 में 15 मार्च 2027 का दिन देवभूमि उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, देव परंपरा एवं विरासत के लिए ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इस दिन संपूर्ण उत्तराखण्ड से आने वाली देव डोलियां एवं देव स्वरूप अखाड़ों की तर्ज पर विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ कुंभ स्नान करेंगी।
इसी ऐतिहासिक निर्णय के लिए श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्री हर्षमणि व्यास के नेतृत्व में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से भेंट कर उनका हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
समिति ने मुख्यमंत्री जी द्वारा 15 मार्च 2027 को देव डोलियों एवं देव स्वरूपों के महाकुंभ स्नान को अखाड़ों की तर्ज पर ‘अमृत स्नान’ के रूप में शामिल किए जाने के निर्णय को ऐतिहासिक, अभिनन्दनीय एवं देवभूमि की लोक संस्कृति के लिए गौरवपूर्ण बताया।
समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस निर्णय से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, देव परंपरा, धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान और नई पहचान प्राप्त होगी। इस निर्णय से प्रदेशभर के देवभक्तों, पुजारीगणों एवं श्रद्धालुओं में अत्यंत हर्ष एवं उत्साह है।
14 मार्च को ऋषिकेश से भव्य शोभायात्रा, 15 मार्च को हरिद्वार में अमृत स्नान
समिति ने बताया कि देव डोलियां प्रत्येक कुंभ एवं अर्धकुंभ में संपूर्ण उत्तराखण्ड से हरिद्वार पहुंचती रही हैं। इस बार श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति, उत्तराखण्ड सरकार के सहयोग से इस आयोजन को और अधिक दिव्य, भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की तैयारी कर रही है।
समिति द्वारा संपूर्ण उत्तराखण्ड में देव डोलियों एवं देव स्वरूपों को इस महाआयोजन के लिए आमंत्रित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
14 मार्च 2027 को ऋषिकेश में भव्य शोभायात्रा तथा 15 मार्च 2027 को हरिद्वार में बैरागी कैंप से हर की पैड़ी तक मुख्य शोभायात्रा एवं अमृत स्नान प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं व्यवस्थाओं से संबंधित प्रमुख मांगें
प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन को सुव्यवस्थित एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री जी के समक्ष विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु दिशा-निर्देश प्रदान करने का अनुरोध किया। इनमें प्रमुख रूप से—
1. देव डोलियों के परिवहन की शासकीय व्यवस्था।
2. वाद्य यंत्र एवं आवश्यक सामग्री के परिवहन हेतु पृथक व्यवस्था।
3. मार्ग व्यय, भोजन एवं जलपान की व्यवस्था — ऋषिकेश, हल्द्वानी, श्रीनगर, उत्तरकाशी सहित संपूर्ण यात्रा मार्ग पर।
4. कुंभ मेला क्षेत्र में आवंटित स्थान पर टेंट/पंडाल एवं सुरक्षित परिसर की व्यवस्था।
5. मुख्य मंच, श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, विद्युत एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था।
6. शोभायात्रा एवं सुरक्षा व्यवस्था — 14 मार्च को ऋषिकेश तथा 15 मार्च को हरिद्वार में विशेष सुरक्षा व्यवस्था।
7. 9 मार्च 2027 को धर्म-ध्वजा स्थापना से 15 मार्च तक प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन।
8. देव डोलियों एवं देव स्वरूपों के प्रतिनिधियों के लिए सम्मान, स्मृति-चिह्न एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र।
9. उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति एवं देव परंपरा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन।
10. मुख्य शोभायात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की व्यवस्था।
11. देव डोलियों, शोभायात्रा एवं अमृत स्नान के लिए विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था।
12. आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार, ताकि देश-विदेश से श्रद्धालु इस ऐतिहासिक आयोजन में सहभागी बन सकें।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना तथा कुंभ मेला 2027 में देव डोलियों एवं देव स्वरूपों के अमृत स्नान को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं व्यवस्थाओं का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में रहे
हर्षमणि व्यास, कार्यकारी अध्यक्ष,
डॉ. राजेन्द्र रतूड़ी,
गजेन्द्र कण्डियाल,
रमेश पैन्यूली,
राजेन्द्र प्रसाद व्यास,
संजय शास्त्री,
महंत रवि प्रपन्न,
संजय कुण्डलिया,
योगाचार्य डॉ. विपिन जोशी,
हरि शंकर जोशी,
द्वारिका बिष्ट,
विशाल मणि पैन्यूली,
द्वारिका भट्ट आदि।
श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय शोभा यात्रा समिति ने समस्त देवभक्तों, पुजारीगणों, देव डोली संचालकों, सांस्कृतिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक महाआयोजन में सहभागी बनने का आह्वान किया है।
समिति का विश्वास है कि 15 मार्च 2027 का यह अमृत स्नान उत्तराखण्ड की देव संस्कृति, लोक परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को देश-दुनिया के सामने गौरव के साथ प्रस्तुत करेगा।




