Breaking News

एसटीपीआई ने बरेली में अपने 75वें केंद्र का किया उद्घाटन, उत्तर प्रदेश के आईटी/आईटीईएस और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मिलेगी मजबूती

  • नया केंद्र रोहिलखंड क्षेत्र में प्रौद्योगिकी अवसंरचना को मजबूत करने और आईटी/आईटीईएस उद्यमों, स्टार्टअप्स तथा प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को सहयोग प्रदान करेगा।
  • इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना, व्यावसायिक अवसरों को सुगम बनाना और रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना है।

बरेली : भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एक प्रमुख वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी (एसएंडटी) संगठन, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) ने उत्तर प्रदेश में अपने बरेली केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्घाटन जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन एवं पर्यावरण, प्राणी उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन, उत्तर प्रदेश सरकार, छत्रपाल सिंह गंगवार, माननीय सांसद, बरेली और श्रुति गंगवार, सांसद, राज्यसभा उपस्थित रहे।
अरविंद कुमार, महानिदेशक, एसटीपीआई, ने कहा, “बरेली केंद्र का उद्घाटन एसटीपीआई की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही देशभर में एसटीपीआई के केंद्रों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है, जिनमें से 67 केंद्र टियर-2 और टियर-3 शहरों में स्थित हैं। यह स्थापित आईटी हब से आगे बढ़कर उभरते शहरों तक तकनीकी अवसंरचना और उद्यमिता के अवसर पहुंचाने तथा भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था में इन क्षेत्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लगभग 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से 2 एकड़ भूमि पर विकसित बरेली केंद्र, इस नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह केंद्र रोहिलखंड क्षेत्र में आईटी/आईटीईएस कंपनियों, स्टार्टअप्स और उभरते उद्यमियों को एक अनुकूल परिवेश प्रदान करेगा। अपनी अवसंरचना, इन्क्यूबेशन पहलों और उद्योग जगत के साथ जुड़ाव के माध्यम से हमारा उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, व्यवसायों के विकास को गति देना और नवाचार आधारित प्रौद्योगिकी उद्यमों को बढ़ावा देना है।
बरेली केंद्र का उद्घाटन एसटीपीआई के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके साथ ही देशभर में एसटीपीआई के केंद्रों की संख्या बढ़कर 75 हो गई है, जिससे स्थापित महानगरों से आगे देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपने नेटवर्क का विस्तार करने और भारत के प्रौद्योगिकी इकोसिस्टम को सशक्त बनाने की एसटीपीआई की प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है। एसटीपीआई के कुल 75 केंद्रों में से 67 केंद्र टियर-II और टियर-III शहरों में स्थित हैं, जो तकनीकी अवसंरचना के विकेंद्रीकरण और क्षेत्रीय उद्यमिता को बढ़ावा देने पर इसके निरंतर फोकस को दर्शाता है। लगभग 18.25 करोड़ रुपये के निवेश से 2 एकड़ भूमि पर विकसित बरेली केंद्र, प्रौद्योगिकी आधारित कंपनियों और उभरते उद्यमियों को एक संस्थागत मंच प्रदान करके क्षेत्रीय आईटी/आईटीईएस इकोसिस्टम को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जितिन प्रसाद, केंद्रीय राज्य मंत्री, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार, ने कहा, एसटीपीआई बरेली केंद्र का उद्घाटन केवल बरेली शहर के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे रुहेलखंड क्षेत्र—विशेषकर पीलीभीत, शाहजहाँपुर और बदायूँ—के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक सौगात है, जिससे अब उन्हें आईटी, स्टार्टअप, इनक्यूबेशन, नवाचार एवं अनुसंधान के अवसरों और विश्वस्तरीय तकनीकी सुविधाओं के लिए मुंबई, नोएडा और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि यहीं अपने क्षेत्र में आगे बढ़ने का मंच मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने व रोजगार सृजन को नई दिशा मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व व दीर्घकालिक नीतियों के तहत, जिस प्रकार केंद्र और राज्य की सरकारें डबल इंजन के रूप में काम कर रही हैं, उसी प्रकार व्यापार और प्रौद्योगिकी भारत की प्रगति के दो प्रमुख इंजन बन रहे हैं, वहीं एक करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में प्रशिक्षित करने के संकल्प, सेमीकंडक्टर चिप निर्माण और पैकेजिंग इकोसिस्टम को सशक्त करने, डेटा सेंटर व सॉफ्टवेयर निर्यात को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर भारत के विजन से देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता और युवाओं के लिए नए अवसरों को नई गति मिल रही है।
“आईटी क्षेत्र में भारत आज अपनी तकनीकी प्रतिभा और डिजाइन क्षमताओं के बल पर विश्व की प्रतिभा की राजधानी के रूप में स्थापित है, और एसटीपीआई के माध्यम से युवाओं को निःशुल्क तकनीकी सुविधाएँ, कौशल विकास और संसाधन उपलब्ध कराकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि आर्थिक संसाधनों या कोविड जैसी वैश्विक आपूर्ति शृंखला बाधाओं के बावजूद युवाओं की प्रतिभा और प्रगति में कोई रुकावट न आए। स्थानीय एमएसएमई, आईटी उद्योग, चैंबर ऑफ कॉमर्स एवं उद्यमियों के सहयोग से इस केंद्र की वर्तमान सुविधाओं का पूर्ण क्षमता के साथ उपयोग होने पर अतिरिक्त भवन एवं तकनीकी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में भी कार्य किया जाएगा, और डिजिटल इंडिया के अंतर्गत कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों तक आधार, बैंकिंग, बिजली बिल भुगतान जैसी सुलभ नागरिक सेवाओं के विस्तार के साथ—एसटीपीआई के महानिदेशक अरविंद कुमार व उनकी टीम के प्रयासों से—मुझे पूर्ण विश्वास है कि नोएडा, कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर की तरह बरेली भी एक प्रमुख आईटी हब के रूप में उभरेगा और रुहेलखंड क्षेत्र के तकनीकी एवं आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा।”
डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), वन एवं पर्यावरण, प्राणी उद्यान तथा जलवायु परिवर्तन, उत्तर प्रदेश सरकार, ने कहा, “एसटीपीआई बरेली केंद्र की स्थापना इस क्षेत्र के लिए एक स्वागत योग्य पहल है और इससे प्रौद्योगिकी क्षेत्र में अवसरों का विस्तार होगा। बरेली और आसपास के क्षेत्रों में प्रतिभा एवं उद्यमिता की दृष्टि से काफी संभावनाएं हैं। यह केंद्र युवाओं, स्टार्टअप्स और प्रौद्योगिकी उद्यमों को नए अवसर तलाशने, नवाचार आधारित विचारों को विकसित करने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।”
छत्रपाल सिंह गंगवार, सांसद, बरेली, ने कहा, “एसटीपीआई बरेली केंद्र का उद्घाटन इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता के लिए एक मजबूत आधार तैयार करने के साथ-साथ इच्छुक उद्यमियों और युवा पेशेवरों को व्यापक अवसरों वाले इकोसिस्टम तक पहुंच प्रदान करेगा। इस तरह की पहलें बरेली के आर्थिक परिदृश्य को मजबूत करने और इस क्षेत्र को प्रौद्योगिकी आधारित व्यवसायों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
श्रुति गंगवार, सांसद, राज्यसभा, ने कहा, “एसटीपीआई बरेली केंद्र का उद्घाटन इस क्षेत्र, विशेषकर यहां की युवा प्रतिभाओं और इच्छुक उद्यमियों के लिए एक उत्साहजनक पहल है। प्रौद्योगिकी अवसंरचना और सहयोगी स्टार्टअप इकोसिस्टम तक पहुंच स्थानीय क्षमताओं को आगे बढ़ाने, नवाचार की सोच को प्रोत्साहित करने और पेशेवर विकास के नए अवसर सृजित करने में मदद कर सकती है। यह पहल बरेली और आसपास के क्षेत्रों को भारत के विकसित होते प्रौद्योगिकी एवं उद्यमिता परिदृश्य से अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।”
बरेली केंद्र के साथ एसटीपीआई ने देशभर में अपनी उपस्थिति का और विस्तार किया है। यह स्थापित प्रौद्योगिकी केंद्रों से आगे आईटी/आईटीईएस उद्योग को बढ़ावा देने के उसके प्रयासों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। अपने केंद्रों, इन्क्यूबेशन सुविधाओं और उद्यमिता पहलों के नेटवर्क के माध्यम से एसटीपीआई अवसंरचना, उद्योग जगत के साथ जुड़ाव तथा उत्पाद विकास और बौद्धिक संपदा सृजन के अवसर उपलब्ध कराकर स्टार्टअप्स एवं प्रौद्योगिकी उद्यमों को निरंतर सहयोग प्रदान कर रहा है।
इस कार्यक्रम में कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों और जनप्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें अधीर सक्सेना (अध्यक्ष – भाजपा, बरेली महानगर), आदेश प्रताप सिंह (जिला अध्यक्ष – भाजपा, आंवला), सोमपाल शर्मा (जिला अध्यक्ष – भाजपा, बरेली), पूरन लाल लोधी (क्षेत्रीय अध्यक्ष – भाजपा, ब्रज क्षेत्र), दुर्विजय सिंह शाक्य (प्रदेश उपाध्यक्ष – भाजपा, उत्तर प्रदेश), रश्मि पटेल (अध्यक्ष – जिला पंचायत, बरेली) और डॉ. उमेश गौतम (महापौर – नगर निगम बरेली) शामिल थे। उनके साथ उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य बहोरन लाल मौर्य और कुंवर महाराज सिंह, तथा विधानसभा सदस्य एम. पी. आर्य (नवाबगंज), डॉ. राघवेंद्र शर्मा (बिथरी चैनपुर), संजीव अग्रवाल (बरेली कैंट) और डी. सी. वर्मा (मीरगंज) भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button