आशारोड़ी चेकपोस्ट पर पशुओं से भरे वाहन रोकने पर विवाद, हंगामा

आमने-सामने आए पशु प्रेमी और मुस्लिम संगठन के लोग
देहरादून: बकरा ईद से पहले बुधवार को आशारोड़ी चेकपोस्ट पर पशु प्रेमियों और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दूसरे राज्यों से पशु लेकर आ रहे वाहनों को पशु प्रेमियों ने आशारोड़ी चेक पोस्ट पर रोकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
बकरा ईद से एक दिन पहले आशारोडी चेकपोस्ट पर पशुओं से भरे वाहनों की जांच के दौरान कुछ लोगों ने वाहनों को रोककर आगे नहीं जाने दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाया और माहौल शांत कराने का प्रयास किया।

मामले की सूचना मिलने पर मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी और उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी अपने कार्यकर्ताओं के साथ आशारोड़ी चौकी पहुंचे। पशु प्रेमियों और मुस्लिम सेवा संगठन के बीच काफी देर तक आशारोड़ी पुलिस चौकी में बहस हुई। जिसके बाद मुस्लिम सेवा संगठन के प्रतिनिधि और मुस्लिम समुदाय के लोग बकरा लेकर डीएम कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
जिला प्रशासन ने संगठन को आश्वस्त किया कि ईद-उल-अजहा के दौरान किसी भी प्रकार की द्वेषपूर्ण कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं पुलिस ने संबंधित पशुओं को अपने कब्जे में लेकर नगर निगम भेज दिया।
मुस्लिम सेवा संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी ने कहा कि ईद जैसे पवित्र पर्व के दौरान माहौल खराब करने की कोशिश उचित नहीं है। संगठन हमेशा भाईचारे एवं शांति के पक्ष में खड़ा रहेगा। वहीं आकिब कुरैशी ने कहा कि कुछ लोग कानून हाथ में लेकर समाज में तनाव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।



