भगवान वाल्मीकि जयंती पर वाल्मीकि मंदिर में ध्वजारोहण एवं पूजा-अर्चना, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

देहरादून। भगवान वाल्मीकि जी की जयंती के पावन अवसर पर देहरादून के खुड़बुड़ा क्षेत्र स्थित वाल्मीकि मंदिर में ध्वजारोहण एवं पूजा-अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने मंदिर में पहुंचकर भगवान वाल्मीकि जी को नमन किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
भगवान वाल्मीकि जी का जीवन ज्ञान, समानता, सामाजिक समरसता और मानवता की सेवा का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएँ समाज में एकता, सद्भाव और न्याय की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। विद्यार्थियों को सम्मानित करने जैसी पहल से युवाओं का मनोबल बढ़ता है तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
इस अवसर पर उत्तराखंड कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर ने कहा, “महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रचित रामायण भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। रामलीला इसी रामकथा को मंचन के माध्यम से जन-जन तक पहुँचाने की सशक्त सांस्कृतिक परंपरा है। भगवान वाल्मीकि जी के आदर्शों और रामायण के संदेशों से प्रेरणा लेकर हमें समाज में समानता, सद्भाव, मानवीय मूल्यों और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। समाज के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करना भी इन्हीं मूल्यों को आगे बढ़ाने की एक सराहनीय पहल है।
अभिनव थापर ने इस आयोजन के लिए वाल्मीकि समाज, खुड़बुड़ा के अध्यक्ष बॉबी कुमार, विकास बिड़ला, मोहन कुमार, अनिल खजवाल एवं उनकी पूरी टीम को बधाई एवं साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल, संजय कनौजिया कद्दू, गुरचरण कौशल, युवा कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्य कौशल, रितेश छेत्री एवं विनोद कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




