बैंकाक में आयोजित पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता का बमोथ गांव में हुआ भव्य स्वागत

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
चमोली जिले की पोखरी विकासखंड के किमोठा गांव निवासी पावरलिफ्टर मुन्नी देवी का अपने वर्तमान मायका गांव बमोथ पहुंचने पर जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के शिक्षकों, शिक्षिकाओं, छात्र – छात्राओं सहित पूरे विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश प्रसाद ममगाईं ने कहा थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में 18 देशों के खिलाड़ियों की हुई 70 किलोग्राम वर्ग पुल पावर लिफ्टिंग और बेंच प्रेस स्पर्धा में मुन्नी देवी ने स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार मुन्नी देवी की भूरी – भूरी प्रशंसा करते हुऐ स्वागत करता है। मुन्नी देवी ने विद्यालय परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुऐ कहा कि मेरा खेल सफर संघर्ष और कठिन मेहनत से भरा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर तीन बार गोल्ड मेडल जीत चुकी है।
ग्राम प्रधान रूचि देवी ठाकुर के प्रतिनिधि प्रीतम ठाकुर ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बाबजूद मुन्नी देवी ने जिस तरह सफलता हासिल की है वह पहाड़ की युवा खिलाड़ियों और विशेष रूप से बेटियों के लिये प्रेरणा बन गई है। उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है।


