कुलसारी में पिंडर नदी से पूर्व सैनिक का शव बरामद, एक दिन से थे लापता

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा ): चमोली जिले के विकासखंड थराली के अंतर्गत कुलसारी में शुक्रवार को पिंडर नदी के झूला पुल के समीप एक व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थराली थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नदी के बीचोंबीच फंसे शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान विकासखंड देवाल की ग्राम पंचायत देवसारी निवासी 59 वर्षीय पूर्व सैनिक सुदर्शन सिंह गड़िया पुत्र गोविंद सिंह गड़िया के रूप में हुई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुलसारी झूला पुल के समीप ग्रामीणों ने पिंडर नदी में एक शव पड़ा देखा। इसकी सूचना तत्काल थराली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एसआई लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नदी के बीच से शव को बाहर निकाला। शव को बाहर निकालने के बाद पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराने की कार्रवाई शुरू की। कुछ समय बाद मृतक की पहचान देवसारी गांव निवासी सुदर्शन सिंह गड़िया के रूप में हुई। वह गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक थे। पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजनों के अनुसार, सुदर्शन सिंह गड़िया गुरुवार सुबह सैनिक कैंटीन थराली जाने की बात कहकर ग्वालदम स्थित अपने आवास से निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल पाया। इसी बीच शुक्रवार को कुलसारी में पिंडर नदी से उनका शव बरामद हुआ।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया है। फिलहाल पूर्व सैनिक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।




