उत्तराखण्डराज्य

अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस से मांगा जवाब

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी के संदर्भ में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गोपेश्वर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्रसेवा और उत्तराखंड के गौरवशाली सपूतों के सम्मान का मुद्दा उठाते हुए भाजपा का पक्ष रखा।
तीरथ सिंह रावत ने कहा कि अजीत डोभाल ने दशकों तक देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उत्तराखंड की धरती से जुड़े ऐसे व्यक्तित्व का योगदान प्रदेश के गौरव और राष्ट्रसेवा की भावना से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर सार्वजनिक संवाद में मर्यादा और जिम्मेदारी बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे विशिष्ट व्यक्तित्व देश को दिए हैं, जिनका जीवन राष्ट्रसेवा और देश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहा है। भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व से सवाल किया कि राहुल गांधी की टिप्पणी क्या पार्टी का आधिकारिक रुख है? पार्टी ने कांग्रेस से इस पूरे प्रकरण पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और आतंकवाद के विरुद्ध भारत की सैन्य कार्रवाइयों को लेकर हुई राजनीतिक बहस का भी उल्लेख किया गया। भाजपा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक दलों को तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए तथा राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देनी चाहिए। भाजपा की ओर से यह भी कहा गया कि लोकतंत्र में सरकार की नीतियों की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान बनाए रखना भी जरूरी है। पार्टी ने उत्तराखंड के गौरवशाली सपूतों के योगदान को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर रखने की बात कही।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री विनोद कनवासी, मंडल अध्यक्ष सतेन्द्र असवाल, दशोली प्रमुख विनीता देवी, पूर्व प्रमुख नन्दन सिंह, भगत सिंह बिष्ट, जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र हटवाल, हर्षवर्धन मैठाणी, बल्लभ प्रसाद थपलियाल, ज्योति मैठाणी, आशा नेगी, आरती भगत, सौरभ सैजवाल, रूप चंद्र आर्य, महेन्द्र राणा, भरत सिंह गड़िया, दशोली मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, डॉ. एच.पी. ममगाईं, महेंद्र सिंह नेगी, विक्रम सिंह बर्तवाल, भरत सिंह राणा, विपिन कंडारी, अमित मिश्रा, मोहन सिंह नेगी, हरीश रावत, राजेन्द्र बिष्ट, अरुणा भट्ट, मीना रावत, आरती रावत और सतेश्वरी टम्टा सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button