उत्तराखण्डराज्य

नगर निगम की कार्यकारिणी चुनाव में देरी, बदहाल सड़कों और शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल द्वार का निर्माण न होने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम देहरादून की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्यकारिणी चुनाव में देरी, शहर की बदहाल सड़कों, लंबित विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं की अनदेखी पर नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल के नाम पर प्रस्तावित द्वार का निर्माण नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए नगर निगम से लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने और शहर की व्यवस्थाओं में सुधार करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि जनसमस्याओं की अनदेखी जारी रहने पर कांग्रेस जनता के हित में आंदोलन करेगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि देहरादून महानगर में सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम को गंभीरता से काम करना चाहिए। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों और लंबित विकास कार्यों के कारण आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर सड़कों की मरम्मत करानी चाहिए और विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना चाहिए।
उन्होंने शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल के नाम पर प्रस्तावित द्वार का निर्माण अब तक नहीं होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहीदों के सम्मान और उनकी स्मृति से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। नगर निगम को इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करते हुए द्वार का निर्माण शीघ्र सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि शहीद के प्रति सम्मान व्यक्त करने से जुड़ी इस पहल को पूरा किया जा सके।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम की कार्यकारिणी के चुनाव में देरी का मुद्दा भी उठाते हुए इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने, जनसमस्याओं पर त्वरित निर्णय लेने और विकास कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए संस्थागत व्यवस्था का सुचारु रूप से काम करना जरूरी है।
लालचंद शर्मा ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी केवल कर वसूलने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर सड़कें, स्वच्छ वातावरण और मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए। इसके साथ ही लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने, क्षतिग्रस्त सड़कों के गड्ढे भरने और पर्यावरण मित्रों के वेतन में प्रस्तावित वृद्धि पर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने मलीन बस्तियों में टैक्स व्यवस्था जल्द शुरू करने की मांग करते हुए कहा कि वहां रहने वाले हजारों परिवारों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने नगर निगम से मलीन बस्तियों के निवासियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने की मांग की।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल ने कारगी चौक स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड और कूड़े के उचित निस्तारण की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कारगी ट्रांसफर स्टेशन के आसपास कूड़े का जमावड़ा, हरिद्वार बाईपास पर कूड़े की गाड़ियों की कतार और शीशमबाड़ा प्लांट पर बढ़ते दबाव के कारण आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध की समस्या बनी हुई है। नगर निगम को नियमित कूड़ा उठान और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान निकालना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने नगर निगम से सड़कों की मरम्मत, शहीद मेजर विभूति ढोंढियाल द्वार का निर्माण, कार्यकारिणी चुनाव की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने सहित सभी जनसमस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि नगर निगम ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस जनता की आवाज उठाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता दीप बोहरा, पार्षद कोमल बोहरा, संगीता गुप्ता, मोनिका चौधरी, इरशाद खान, मुकीम अहमद, वीरेंद्र बिष्ट, निखिल कुमार, आयुष गुप्ता, सोमप्रकाश वाल्मीकि, देवेंद्र पाल सिंह, सुरेश कुमार पारचा, सुनील कुमार बांगा, शिव कुमार, नितिन रावत, गुलशन कुमार, सुरेंद्र सूद, नमन कुमार और राजू मेहरा सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button