उत्तराखण्डराज्य

मेधावी विद्यार्थियों को 10 करोड़ से अधिक की छात्रवृत्ति देगा एएमपी

प्रतिभाओं को उड़ान देने की पहल, नेशनल टैलेंट सर्च परीक्षा 5 दिसंबर को

  • 500 से अधिक को मिल सकती है 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति
  • शिक्षा और करियर को नई दिशा देगी एएमपी की नेशनल टैलेंट सर्च परीक्षाः आमिर

देहरादून। एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम प्रोफेशनल्स (एएमपी) की ओर से नेशनल टैलेंट सर्च (एनटीएस) 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानना, उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा व करियर के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। संगठन के अनुसार, इस वर्ष 50 से अधिक ट्रेनिंग पार्टनर्स के सहयोग से 10 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की योजना है।
एएमपी के संस्थापक एवं अध्यक्ष आमिर इद्रेसी ने उत्तराखंड दौरे के दौरान मदरसा दार-ए-अरकम में पहुंच कर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास को समाज की तरक्की का आधार बताया। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से नेशनल टैलेंट सर्च परीक्षा में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग देकर उनके भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। इस अवसर पर एएमपी और एनसीटी के प्रमुख फारूक सिद्दीकी, मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी जोधपुर के रजिस्ट्रार मोहम्मद अमीन, जमीयत के जिला अध्यक्ष मौलाना अब्दुल मन्नान कासमी, शहर अध्यक्ष मुफ्ती अयाज, मास्टर अब्दुल सत्तार, मास्टर मुस्तकीम हसन, मोहम्मद इकराम, फैजान अली, नदीम अहमद, सुहैल अहमद, अब्दुल बारी, मौलान अब्दुल वाजिद मजाहिरी, कारी नईम अहमद मोहम्मद शाह नजर कारी फरहान मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

तीन श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
एएमपी के अनुसार, एनटीएस 2026 में तीन श्रेणियों के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। इनमें आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थी, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी तथा स्नातक स्तर के विद्यार्थी शामिल हैं। परीक्षा के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, पुरस्कार, पहचान और आगे की पढ़ाई व करियर के लिए मार्गदर्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। संगठन की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 500 से अधिक विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति देने की योजना है। इसके अलावा 4,500 से अधिक विद्यार्थियों को 50 से 75 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा। छात्रवृत्ति विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से नीट, आईआईटी-जेईई, सीयूईटी, क्लैट, यूपीएससी, राज्य स्तरीय चयन परीक्षाओं, सीडीएस, एनडीए और स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों की तैयारी के लिए उपलब्ध हो सकती है। इसके अलावा सभी श्रेणियों के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए पांच लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार प्रस्तावित हैं।
इंडिया जकात डॉट कॉम के माध्यम से 500 योग्य विद्यार्थियों को 20 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त शैक्षणिक छात्रवृत्ति देने की भी जानकारी दी गई है। परीक्षा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को ई-प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

देशभर में परीक्षा केंद्र बनाने का लक्ष्य
एएमपी ने इस बार देशभर के 20 हजार से अधिक स्कूलों और कॉलेजों के दो लाख से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है। एएमपी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा शनिवार, 5 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी। इसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थी एएमपी वर्ल्ड की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button