उत्तराखण्ड

दुबई में गूंजेगा उत्तराखंड के जागरों का स्वर, हेमा नेगी करासी समेत लोक कलाकार रवाना

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा )
पहाड़ की लोकधुनें अब सात समंदर पार दुबई में अपनी पहचान दर्ज कराने जा रही हैं। उत्तराखंड की प्रसिद्ध जागर गायिका हेमा नेगी करासी के नेतृत्व में प्रदेश के नामचीन लोक कलाकारों का दल दुबई के लिए रवाना हो गया है। यहां आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कोतिक दुबई’ में उत्तराखंड की पारंपरिक लोकसंस्कृति, जागर और लोकगीतों की गूंज सुनाई देगी। इस सांस्कृतिक दल में जागर गायिका हेमा नेगी करासी के साथ लोकगायक गजेंद्र राणा, स्वाती भट्ट, नीरज नयाल, मनोज डोरियाल और सूरज चंद शामिल हैं। दुबई रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर कलाकारों में खासा उत्साह नजर आया। कलाकारों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतिनिधित्व करने को गौरव का अवसर बताया। ‘कोतिक दुबई’ के आयोजन में उत्तराखंड की लोक परंपराओं को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही विदेशों में रह रहे प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। पारंपरिक जागर, लोकगीतों और लोकनृत्यों के जरिए पहाड़ की संस्कृति, आस्था और जीवनशैली की झलक प्रस्तुत की जाएगी।
कार्यक्रम के आयोजन में बसंत तिवारी, शंकर शाह, जीवन भट्ट, नवीन जोशी, गोविंद फर्तियाल और पूरी कोतिक टीम अहम भूमिका निभा रही है। आयोजकों और कलाकारों का मानना है कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को देश की सीमाओं से आगे पहुंचाने और नई पीढ़ी को अपनी लोक विरासत से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दुबई में होने वाला यह सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पहाड़ की मिट्टी, लोकआस्था और परंपराओं से भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम भी बनेगा। उत्तराखंड से दूर रह रहे प्रवासियों के लिए अपने लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के बीच अपनी संस्कृति को महसूस करने का यह खास अवसर होगा।

Related Articles

Back to top button