उत्तराखण्ड

केदारताल में लापता 07 ट्रैकर्स एवं 01 गाइड की तलाश में एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी, हेलीकॉप्टर से की गई हवाई रेकी

देहरादून। जनपद उत्तरकाशी के केदारताल क्षेत्र में 07 ट्रैकर्स एवं 01 गाइड के लापता होने की सूचना पर एसडीआरएफ द्वारा सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है।
सेनानायक एसडीआरएफ अर्पण यदुवंशी के निर्देशानुसार लापता ट्रैकर्स एवं गाइड की तलाश के लिए विशेष माउंटेनियरिंग टीम को अभियान में लगाया गया है। उल्लेखनीय है कि एसडीआरएफ की गंगोत्री टीम द्वारा पूर्व में भी केदारताल क्षेत्र में पहुंचकर रेकी की गई थी, लेकिन अत्यधिक बर्फबारी एवं विषम परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान को आगे बढ़ाने में कठिनाई आ रही थी। इसके दृष्टिगत हेलीकॉप्टर के माध्यम से क्षेत्र की हवाई रेकी एवं सर्च करने का निर्णय लिया गया।
इसी क्रम में एसडीआरएफ के दो जवान हेड कांस्टेबल रवि चौहान एवं कांस्टेबल दीपक पंत हेलीकॉप्टर के माध्यम से हर्षिल पहुंचे। इसके उपरांत हेलीकॉप्टर द्वारा केदारताल क्षेत्र की दो बार सघन हवाई रेकी की गई। इस दौरान क्षेत्र में लापता ट्रैकर्स अथवा उनके टेंट आदि के कोई स्पष्ट दृश्य संकेत नहीं मिल पाए। वहीं, अभियान को आगे बढ़ाने के लिए सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से एक अतिरिक्त टीम आवश्यक रेस्क्यू एवं पर्वतारोहण उपकरणों के साथ रवाना हो चुकी है, ताकि परिस्थितियों के अनुकूल होने पर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जा सके।
वर्तमान में संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की आगामी कार्ययोजना तैयार की जा रही है।

Related Articles

Back to top button