उत्तराखण्डराज्य

यूपी पुलिस के सिपाही की पत्नी और दो बच्चों पर खुखरी से किया हमला, आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। काशीपुर से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां यूपी पुलिस में तैनात एक कांस्टेबल की पत्नी और उसके दो मासूम बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया गया। हमले में महिला और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल तीनों का दिल्ली के मैक्स हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात के पीछे पैसों का लेनदेन और आपसी विवाद सामने आया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग भी बरामद किए हैं।
दरअसल, काशीपुर निवासी सचिन कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बरेली में तैनात हैं। 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे जब सचिन बरेली से ट्रेन के जरिए काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, तो उनकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने फोन पर बताया कि संजय नाम के व्यक्ति ने उन पर और बच्चों पर हमला कर दिया है। इसके कुछ ही देर बाद फोन संपर्क टूट गया। घबराए सचिन तत्काल अपने घर पहुंचे, जहां मुख्य गेट के बाहर खून बिखरा हुआ मिला।
आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि उनकी पत्नी और दोनों बच्चों को एक व्यक्ति कार में बैठाकर अस्पताल ले गया है।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम से निरीक्षण कराया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जो मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र का निवासी बताया गया है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी सचिन कुमार से पुरानी जान-पहचान थी और दोनों के बीच पैसों का लेनदेन होता था। इसके अलावा लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र बनवाने और महिला (पत्नी) के साथ रहने को लेकर भी विवाद होने की बात सामने आई है। एसपी स्वप्न किशोर सिंह के मुताबिक, घटना वाले दिन आरोपी महिला के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने कथित तौर पर खुखरी से महिला और दोनों बच्चों पर हमला कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी ही घायलों को अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल खुखरी, कार और पीड़ित परिवार के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं।मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button