देश

मुंबई की लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय युवक को मारा चाकू, मौत

मुंबई: मुंबई की लोकल ट्रेन में सोमवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। ट्रेन के फर्स्ट क्लास डिब्बे में भारी बारिश के दौरान कोच का दरवाजा खुला रखने को लेकर हुए विवाद के बाद एक 22 साल की शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही फरार हो गया। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई और आरोपी की तलाश में जुट गई है। मृतक की पहचान मयंक लोहार के रूप में हुई है। वह अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच फर्स्ट क्लास कोच में यात्रा कर रहा था, तभी उस पर कथित तौर पर हमला हुआ। इसके बाद इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद बोरीवली जीआरपी ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जो बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, लोहार और आरोपी ट्रेन नंबर 90663 के एक ही फर्स्ट क्लास डिब्बे में यात्रा कर रहे थे, जो रात 10.05 बजे चर्चगेट से रवाना हुई थी। बताया जाता है कि भारी बारिश के बीच लोहार द्वारा आरोपी को डिब्बे का दरवाजा बंद करने के लिए कहने पर दोनों के बीच बहस छिड़ गई।
कहासुनी के दौरान, आरोपी ने कथित तौर पर एक धारदार हथियार निकाला और लोहार के पेट में चाकू मार दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने बताया कि रात 11.04 बजे बोरीवली स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले, आरोपी प्लेटफार्म 6 के पास चलती ट्रेन से कूद गया और स्टेशन परिसर से फरार हो गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को सक्रिय कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवान ट्रेन के पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर डिब्बे में पहुंच गए और घायल यात्री की सहायता की। स्ट्रेचर, पोर्टर और मेडिकल टीम को बुलाया गया और लोहार को इलाज के लिए कोच से उतारा गया। उन्हें रात 11ः22 बजे बोरीवली स्टेशन के इमरजेंसी मेडिकल रूम में ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उनकी जांच की। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें एम्बुलेंस से कांदिवली के शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की जांच करने के लिए वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने मंगलवार तड़के बोरीवली स्टेशन का दौरा भी किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। अधिकारी रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और उन यात्रियों के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं जिन्होंने हमले को देखा हो।
विरार निवासी लोहार अंधेरी की एक निजी कंपनी में सेल्समैन के रूप में काम करते थे। काम के बाद घर लौटते समय यह घटना घटी। उनके परिवार में उनके माता-पिता, एक बहन और तीन भाई हैं।

Related Articles

Back to top button