उत्तराखण्डराज्य

चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान से बंद

चमोली ( प्रदीप लखेड़ा)
हिमालय की दिव्य वादियों में स्थित चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ मंदिर के कपाट शनिवार को शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। इस पावन अवसर पर भगवान रुद्रनाथ के दर्शनों के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं के जयकारों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शनिवार को मंदिर में भगवान रुद्रनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पंडित आचार्य हरीश भट्ट द्वारा भगवान का अभिषेक एवं श्रृंगार पूजा संपन्न कराई गई, वहीं मंदिर में रुद्री पाठ का आयोजन भी किया गया। शाम 5 बजे से शुरू हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया के अंतर्गत धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। सभी धार्मिक परंपराओं और विधि-विधानों के पालन के बाद रात करीब 8 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
कपाट बंद होने के बाद भगवान रुद्रनाथ की डोली की शीतकालीन यात्रा शुरू होगी। 18 अक्टूबर को डोली ज्वाला मंदिर, देवलधार में रात्रि प्रवास करेगी, जबकि 19 अक्टूबर को भगवान की डोली गोपेश्वर स्थित अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री गोपीनाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद आगामी छह माह तक भगवान रुद्रनाथ की पूजा-अर्चना श्री गोपीनाथ मंदिर में संपन्न होगी।

Related Articles

Back to top button